​'इंडिया गठबंधन परिवारवादी पार्टियों का गठबंधन', भागलपुर में विपक्ष पर बरसे जेपी नड्डा

4/24/2024 2:48:57 PM

भागलपुर: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने भागलपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये गठबंधन सिर्फ दो बातों का गठबंधन है। पहला, परिवारवादी पार्टियों का और दूसरा, भ्रष्टाचारियों का गठबंधन है।

'आज PM मोदी के नेतृत्व में राजनीति में बहुत बड़ा परिवर्तन आया'
जेपी नड्डा ने कहा कि जो पार्टियां एक दूसरे से लड़ते रही वो आज गलबाहीं करके घूम रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज पीएम मोदी के नेतृत्व में चाहे देश की राजनीति हो या प्रदेश की राजनीति हो सबमें बहुत बड़ा परिवर्तन आ गया है। एक समय था जब लोगों का राजनीति और राजनेताओं को लेकर यह सोच थी कि 'कुछ नहीं बदलेगा'... देश के लोगों में एक उदासीनता थी लेकिन पिछले 10 सालों में यह बदलाव आ गया कि आज साधारण मानवीय भी विकसित भारत के संकल्प के लिए साथ चलने को तैयार हो गया। एक समय था, जब देश में और प्रदेश में जाति, धर्म और क्षेत्रवाद की राजनीति होती थी। आज विकासवाद की राजनीति हो रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाइए। भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। बता दें कि जेपी नड्डा जदयू के प्रत्याशी अजय मंडल के लिए चुनाव प्रचार करने भागलपुर पहुंचे थे, जहां पर उन्होंने स्थानीय सैंडिस कंपाउंड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया। भागलपुर सीट पर अजय मंडल का मुकाबला कांग्रेस नेता अजीत शर्मा के साथ है।

Content Editor

Swati Sharma