टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी ने प्रेग्नेंट बेटी, पत्नी और बेटे को कुल्हाड़ी से काटा, ट्रिपल मर्डर से मची सनसनी
Monday, May 11, 2026-06:17 PM (IST)
Triple Murder in Jharkhand: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एग्रिको रोड नंबर-2 में सोमवार को एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। एग्रिको स्थित क्वाटर्र नंबर एल-13 से पुलिस ने महिला, युवक और युवती के शव बरामद किए हैं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
मृतकों की पहचान 55 वर्षीय सरिता सिंह, 31 वर्षीय सुप्रिया सिंह और 30 वर्षीय रविशेख कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुप्रिया सिंह शादीशुदा थीं और गर्भवती भी थीं, जिससे घटना और भी दर्दनाक हो गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि तीनों की हत्या कुल्हाड़ी से की गई है। इस मामले में टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र प्रसाद सिंह पर हत्या का आरोप है। घटना के बाद से वह फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
द्दश्य देखकर अधिकारी भी रह गए सन्न
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि कथित तौर पर रविंद्र प्रसाद सिंह ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी थी। सूचना मिलने के बाद जब सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अंदर का द्दश्य देखकर अधिकारी भी सन्न रह गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविंद्र प्रसाद सिंह इसी वर्ष फरवरी में टाटा स्टील से रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद परिवार में तनाव और विवाद की बातें भी सामने आ रही हैं।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच टीम पारिवारिक कलह समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने पूरे घर को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह वारदात अचानक गुस्से में हुई या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी।

