झारखंड के पुलिसवालों को नहीं मिलेगी कोई छुट्टी, इस दिन तक सभी अवकाश कैंसिल; पुलिस मुख्यालय ने जारी किया आदेश
Saturday, Feb 28, 2026-10:02 AM (IST)
Ranchi News: झारखंड में होली पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से राज्य में पुलिस अधिकारियों और जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर सभी जिलों को अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
बिना ठोस कारण के अवकाश प्रदान नहीं किया जाएगा
जारी आदेश में सभी जोनल आईजी, रेंज डीआईजी, एसएसपी और एसपी को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि होली के मद्देनजर पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से स्थगित रहेंगी। आदेश के अनुसार, विशेष परिस्थितियों को छोड़कर होली पर्व की समाप्ति तक किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। एडीजी अभियान की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मी को अत्यंत आवश्यक कारणों से अवकाश की जरूरत हो तो उन्हें आवेदन में विशेष परिस्थिति का स्पष्ट उल्लेख करना होगा। सक्षम प्राधिकारी संतोषजनक कारण पाए जाने पर ही छुट्टी स्वीकृत करेंगे। बिना ठोस कारण के अवकाश प्रदान नहीं किया जाएगा।
जारी आदेश में निर्देश दिया गया है कि होली के दौरान राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतकर्ता और पर्याप्त बल की तैनाती आवश्यक होती है। रंगों के इस त्योहार पर कई स्थानों पर भीड़-भाड़, जुलूस और सामूहिक आयोजन होते हैं, जिनमें कानून-व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल की पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है।

