झारखंड में दोपहर के समय गर्मी, हल्के कपड़ों में नजर आ रहे लोग! राज्य के इस जिले में सर्दी अभी भी कायम

Wednesday, Feb 18, 2026-06:31 PM (IST)

Jharkhand weather: झारखंड में अब मौसम बदलने लगा है। ज्यादातर जिलों में ठंड कम हो रही है और दिन में गर्मी महसूस की जा रही है। कई जगहों पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री के पार चला गया है।

दोपहर के समय अच्छी-खासी गर्मी महसूस की गई
झारखंड के सभी जिलों में धीरे-धीरे गर्मी दस्तक दे रही है। अब लगभग हर जिले का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। वहीं अधिकतम तापमान भी 30 डिग्री के पार पहुंच चुका है। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोपहर के समय यहां अच्छी-खासी गर्मी महसूस की गई और लोग हल्के कपड़ों में नजर आए। आज के मौसम की बात करें तो देवघर, पाकुड़, धनबाद, बोकारो, गोड्डा और साहिबगंज जैसे जिलों में गर्मी का असर बढ़ सकता है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री के आसपास रह सकता है। एक दिन पहले तक इन इलाकों में न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री था।

गुमला में ठंड पूरी तरह खत्म नहीं हुई
सबसे ज्यादा गर्मी झारखंड के दक्षिणी जिलों में महसूस की जा रही है। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री के बीच बना हुआ है। यहां दिन और शाम के समय लोग बिना स्वेटर के नजर आ रहे हैं और हल्की ठंडी हवा का आनंद ले रहे हैं। हालांकि गुमला में अब भी ठंड पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। यहां पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया।

गुमला में सर्दी अभी भी कायम
आज भी तापमान 9 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। फिलहाल पूरे राज्य में सिर्फ गुमला ही ऐसा जिला है, जहां तापमान 10 डिग्री से नीचे है। घने जंगल और कच्चे मकानों की अधिकता के कारण यहां ठंड का असर अन्य जिलों की तुलना में ज्यादा बना रहता है। कुल मिलाकर, झारखंड में ठंड अब विदाई की ओर है, लेकिन गुमला में सर्दी अभी भी कायम है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static