झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का चेन्नई में निधन, हेमंत सोरेन ने जताया दुख

Thursday, Apr 06, 2023-10:33 AM (IST)

 

रांचीः झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का आज चेन्नई में इलाज के दौरान निधन हो गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। वहीं हेमंत सोरेन ने शिक्षा मंत्री के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। महतो डुमरी विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2019 में विधायक चुने गए थे। वह कई बार झारखंड विधानसभा के सदस्य रहे। 

हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर लिखा कि अपूरणीय क्षति! हमारे टाइगर जगरनाथ दा नहीं रहे! आज झारखण्ड ने अपना एक महान आंदोलनकारी, जुझारू, कर्मठ और जनप्रिय नेता खो दिया। चेन्नई में इलाज के दौरान आदरणीय जगरनाथ महतो जी का निधन हो गया। उन्होंने आगे लिखा कि परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। 

बता दें कि शिक्षा मंत्री लंबे समय से बीमार चल रहे थे। 14 मार्च को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके कारण उस दिन उन्हें रांची के पारस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बाद में हेमंत सोरेन की सलाह पर उन्हें तत्काल एयर एंबुलेंस से चेन्नई ले जाया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static