JDU Candidate List: जदयू ने 2 मौजूदा सांसदों के काटे टिकट, जानिए किसको कहां से मिला टिकट

3/24/2024 2:50:12 PM

JDU Candidates List: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता वाली जदयू (जनता दल-यूनाइटेड) ने गठबंधन के तहत अपने खाते में आईं राज्य की सभी 16 लोकसभा सीट के लिए रविवार को उम्मीदवारों की घोषणा की, जिसमें दो मौजूदा सांसदों का टिकट काट दिया गया है जबकि दल बदलकर आए दो नेताओं को उम्मीदवार बनाया गया है। जद(यू) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में यहां यह घोषणा की।

सीतामढ़ी से मौजूदा सांसद का टिकट काटकर विधान परिषद के अध्यक्ष देवेश चंद्र ठाकुर को उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि सीवान सीट पर विजय लक्ष्मी कुशवाहा को टिकट मिला है, जो एक दिन पहले अपने पति रमेश सिंह कुशवाहा के साथ जद(यू) में शामिल हुई थीं। कुशवाहा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष थे। इसके अलावा इस महीने की शुरुआत में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) छोड़कर जद (यू) में शामिल हुईं लवली आनंद को शिवहर से टिकट दिया गया है।

जानिए किसको कहां से मिला टिकट?


जदयू ने कटिहार से दुलालचंद गोस्वामी को टिकट दिया है। 


भागलपुर से अजय कुमार मंडल को टिकट मिला है। 


मुंगेर से जदयू ने ललन सिंह को उम्मीदवार बनाया है। 


पार्टी ने गोपालगंज से आलोक सुमन पर भरोसा जताया है। 


नालंदा से कौशलेंद्र कुमार जदयू के उम्मीदवार होंगे।


शिवहर से जदयू ने लवली आनंद को टिकट दिया है। 


पूर्णिया से संतोष कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है।


सीतामढ़ी से देवेश चंद्र ठाकुर को टिकट मिला है।


पार्टी ने सीवान से विजय लक्ष्मी कुशवाहा पर भरोसा जताया है। 


वाल्मीकिनगर से सुनील कुमार को टिकट मिला है। 


सुपौल से दिलेश्वर कामत को टिकट दिया गया है। 


बांका से गिरधारी यादव जदयू के उम्मीदवार होंगे। 


जदयू ने झंझारपुर से रामप्रीत मंडल को टिकट दिया है। 


मधेपुरा से दिनेश चंद्र यादव को बनाया गया उम्मीदवार।  


किशनगंज से मुजाहिद आलम को मिला टिकट। 


जहानाबाद से जदयू ने चंदेश्वर प्रसाद को दिया टिकट। 

Content Writer

Ramanjot