Independence Day: कल मोरहाबादी मैदान में तिरंगा फहराएंगे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, तैयारी पूरी

Thursday, Aug 14, 2025-05:43 PM (IST)

रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कल यानी 15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में सुबह 9 बजे झंडोत्तोलन करेंगे और इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य राजकीय समारोह मोरहाबादी मैदान रांची में आयोजित होगा। स्वतंत्रता दिवस पर झंडोत्तोलन के बाद बाद जवानों द्वारा परेड प्रस्तुत किया जाएगा और सलामी दी जाएगी। मोरहाबादी मैदान में जवानों ने आज परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल किया। इस बार परेड में बिहार पुलिस की एक टुकड़ी भी शामिल है, जो झारखंड के जवानों के साथ कदमताल करते दिखेंगे। एनसीसी और रांची पुलिस की एक-एक महिला जवान भी परेड में दम-खम दिखाएगी। इस बार भी परेड का नेतृत्व महिला पुलिस अधिकारी ही करेगी। सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री श्रुति को इसकी कमान दी गई है। इस बार परेड में कुल 14 बटालियन शामिल है। रांची के उपायुक्त ने आज वरीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर बैठक की। उन्होंने कहा कि पूरे शहर की सुरक्षा बढ़ाएं। सड़कों पर जितने गड्ढे है उसे तत्काल भरे। होटलों में जांच अभियान चलाएं। समारोह स्थल पर ऐसी व्यवस्था बनाएं कि कोई भी बाहरी व्यक्ति आपत्तिजनक सामग्री के साथ अंदर नहीं जा सके।

बात करें मौसम की तो राज्य में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल रहा है। 15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह पर बारिश का साया मंडरा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राज्य में 14 से 17 अगस्त तक बारिश की संभावना है। कई जिलों में गर्जन, तेज हवा के साथ 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। विभाग ने इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी रांची में स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। मोरहाबादी मैदान में वाहनों की भीड़ रोकने के लिए 16 ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। टीआरआई व दुर्गा मंदिर के बगल से आम लोगों के वाहनों का प्रवेश होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static