मोतिहारी में सिरफिरे पुलिस कर्मी ने थाने में की फायरिंग, थानाध्यक्ष पर तानी पिस्टल; फिर खुद को कमरे में किया बंद

Sunday, Aug 18, 2024-10:15 AM (IST)

मोतिहारी: बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा कोठी थाना में एक सिरफिरे पुलिस कर्मी ने थानाध्यक्ष सहित अन्य कर्मी पर पिस्टल तान कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उसने दो राउंड फायरिंग भी की। फायरिंग के बाद सिपाही ने अपनी सरकारी पिस्तौल के साथ खुद को एक रूम में बंद कर लिया। 

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि सरफिरा पुलिस कर्मी आशीष तिवारी ने शुक्रवार की रात थाने में पंकज कुमार, राजेश कुमार सहित अन्य पर कई राउंड गोलियां चलाने की कोशिश की लेकिन उसके पिस्तौल में कारतूस नहीं थे। बाद में उसने कारतूस पिस्तौल में लोड कर फायरिंग किया। सभी कर्मी जान बचा भाग निकले। उसके बाद उसने बाइक सवार राहगीरों से गाली-गलौज करते हुए उनपर पिस्तौल भी तानी। इसी दौरान भाजपा के नेता बरकुरवा निवासी राजू सिंह अपनी बाइक से घर जा रहे थे। सरफिरे पुलिस कर्मी ने उनको भी पिस्तौल दिखाया। 

पुलिस दबिश के कारण उसने अपने आप को एक कमरे में बंद कर लिया। सूत्रों ने बताया कि दूसरे दिन शनिवार दोपहर को पुलिसकर्मी पिस्तौल, कारतूस कमरे में छोड़ फरार हो गया। पुलिस उपाधीक्षक सदर 2, जीतेश पांडेय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस कर्मी आशीष तिवारीके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसके निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static