"मैं चाहता हूं चंपई सोरेन के साथ-साथ CM हेमंत भी BJP में आए", हिमंता बिस्वा सरमा का बड़ा बयान

Monday, Aug 26, 2024-02:08 PM (IST)

रांची: असम के मुख्यमंत्री व झारखंड के चुनाव प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि मैं चाहता हूं कि चंपई सोरेन भाजपा में आ जाएं। उन्होंने कहा अभी चंपाई दिल्ली में है और वो भी दिल्ली जा रहे हैं।

"चंपई अपने तीसरे विकल्प की ओर आगे बढ़ सकते हैं"
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि मेरी चंपई सोरेन से बातचीत होती रहती है। वो सीनियर लीडर हैं उनके बारे में ज्यादा कुछ कहना सही नहीं है। सरमा ने कहा कि चंपई सोरेन की हर गतिविधियों पर भाजपा की नजर है। सरमा ने इशारा देते हुए कहा कि चंपाई अपने तीसरे विकल्प की ओर आगे बढ़ सकते हैं। इतना ही नहीं सरमा ने हेमंत सोरेन को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि हेमंत सोरेन भी बीजेपी में शामिल हों।

"हेमंत सोरेन का नेतृत्व स्वीकार करेगी BJP"
हिमंता बिस्वा सरमा ने झारखंड में घुसपैठ की समस्या पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सर्वदलीय बैठक बुलाकर इस समस्या का समाधान करने की अपील की है। दिल्ली रवाना होने से पहले रांची में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि घुसपैठ की समस्या का समाधान करने के लिए हेमंत सोरेन यदि पहल करते हैं तो उनका नेतृत्व स्वीकार करने में हमें कोई कठिनाई नहीं है। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में यह पहल हो बीजेपी इसका स्वागत करेगी। झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठ आदिवासियों के लिए सबसे बड़ी समस्या है, जिसकी रोकथाम समय रहते जरूर होनी चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static