बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा, मां सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहा ट्रैक्टर पलटा, दो बच्चों की मौत

2/16/2024 6:34:03 PM

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। जहां सरस्वती प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे बच्चों से भरा ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में 2 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि करीब 12 छात्राएं घायल हो गईं। वहीं, घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रतिमा का विसर्जन कर लौट रहे थे सभी
जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के बखरी थाना क्षेत्र के राटन के पास की है। दोनों मृत छात्राओं की पहचान करैटांड गांव निवासी अमरजीत कुमार की बेटी स्वीटी (13) और शिवजी ठाकुर की बेटी सोनम कुमारी (14) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बगरस चौक स्थित एक कोचिंग सेंटर पर सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया था। वहीं, शुक्रवार को मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन जुलूस निकला था। मां सरस्वती की प्रतिमा के साथ ट्रैक्टर पर बड़ी संख्या में छोटे-छोटे बच्चे सवार थे। बच्चे बगरस विशनपुर स्थित भोला बाबा मंदिर के नजदीक नदी किनारे गए थे। सभी प्रतिमा का विसर्जन कर लौट रहे थे, तभी ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटने के बाद सभी डाले के नीचे दब गए। इस हादसे में 2 छात्राओं स्वीटी और सोनम की मौत हो गई है, जबकि करीब एक दर्जन बच्चे घायल हो गए हैं।

जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि 7 बच्चों को बखरी पीएचसी में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य 5 बच्चों का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घायलों में कामिनी कुमारी, मनीषा कुमारी, सुनैना कुमारी, संध्या कुमारी, दुर्गा कुमारी, पूनम कुमारी एवं मयंक कुमार सहित अन्य शामिल हैं। घटना के बाद बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया है।




 

Content Editor

Swati Sharma