झारखंड HC ने विदेशी पर्यटक से सामूहिक दुष्कर्म मामले में लिया संज्ञान, राज्य सरकार से मांगी रिपोर्ट

3/5/2024 8:43:49 AM

 

रांची/दुमकाः झारखंड उच्च न्यायालय ने दुमका जिले में स्पेन की एक महिला से सामूहिक बलात्कार से संबंधित मामले का सोमवार को स्वत: संज्ञान लिया और राज्य सरकार से मामले पर रिपोर्ट दाखिल करने को कहा। अदालत ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), मुख्य सचिव और दुमका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से इस मामले में रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा है।

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एस. चन्द्रशेखर और न्यायमूर्ति नवनीत कुमार की खंडपीठ ने इस संबंध में डीजीपी, मुख्य सचिव और एसपी को नोटिस जारी किया। अदालत 7 मार्च को मामले की सुनवाई करेगी। अधिवक्ता रितु कुमार ने पीठ के समक्ष घटना का उल्लेख किया और इससे संबंधित मीडिया में आईं कई खबरों का जिक्र किया, जिसके बाद अदालत ने मामले पर संज्ञान लिया। अदालत ने मामले में कुमार को न्याय मित्र भी नियुक्त किया।

वहीं एक अधिकारी ने बताया कि इस बीच, दुमका प्रशासन ने सोमवार को सामूहिक बलात्कार पीड़िता के पति को मुआवजे के तौर पर 10 लाख रुपए का चेक सौंपा। पुलिस ने बताया कि राज्य की राजधानी रांची से लगभग 300 किलोमीटर दूर हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरुमाहाट में शुक्रवार को विदेशी पर्यटक के साथ कथित तौर पर तब सामूहिक बलात्कार किया गया, जब वह अपने पति के साथ एक तंबू में रात बिता रही थीं। महिला और उनके 64 वर्षीय पति दो मोटरसाइकिलों पर बांग्लादेश से दुमका पहुंचे थे और बिहार के रास्ते नेपाल जा रहे थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पीड़ित मुआवजा योजना के तहत पीड़िता को 10 लाख रुपए की सहायता प्रदान की गई। मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है। हम आरोपियों को जल्द सजा दिलाने की कोशिश करेंगे।'' पीड़िता के पति ने त्वरित कार्रवाई के लिए झारखंड पुलिस को धन्यवाद दिया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static