अब गैस के लिए नहीं लगानी पड़ेगी लाइन, इस राज्य में घर बैठे मिलेगा PNG कनेक्शन; जानें आसान तरीका
Wednesday, Mar 25, 2026-06:47 PM (IST)
Bihar PNG Connection: बिहार में स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं उपभोक्ता अनुकूल बनाया गया है। अब आम नागरिक घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिससे उन्हें पारंपरिक गैस सिलेंडर पर निर्भरता से मुक्ति मिलेगी और निरंतर गैस आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू
राज्य के पटना जिले में गेल, बांका जिले में एचपीसीएल, बेगूसराय जिले में थिंक गैस , गयाजी एवं नालंदा जिले में आईओजीपीएल, दरभंगा, गोपालगंज, मधुबनी, पश्चिमी चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, सिवान, एवं सुपौल जिलों में बीपीसीएल तथा राज्य के शेष जिलों में आईओसीएल सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनी की ओर से घरेलू पीएनजी गैस कनेक्शन प्रदान की जा रही है। इच्छुक उपभोक्ता अपने जिले के संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नि:शुल्क ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
4500 रुपए में मिलेगा PNG कनेक्शन
आवेदन के बाद उपभोक्ता को निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेज जैसे पहचान प्रमाण एवं पता प्रमाण अपलोड करना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों के सफल सत्यापन के बाद उपभोक्ता को एक यूनिक बिजनेस पाटर्नर (बीपी) नंबर जारी किया जाएगा, जो आगे की सभी सेवाओं एवं बिलिंग प्रक्रिया के लिए आवश्यक होगा। घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को सुरक्षा जमा राशि के रूप में 4500 रुपए (बिना ब्याज, रिफंडेबल) का एकमुश्त भुगतान करना होगा। इसके अतिरिक्त एक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत 500 रूपये/- (रिफंडेबल) जमा कर प्रतिदिन एक रूपया के किराया शुल्क पर भी कनेक्शन प्राप्त किया जा सकता है, जिसे बाद में पूर्ण 4500 रूपये योजना में परिवर्तित किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव, इस राज्य में 1 अप्रैल से लागू होगा ये नया नियम
घर-घर पहुंचेगी पाइप वाली गैस
प्रक्रिया के अगले चरण में तकनीकी सर्वेक्षण के माध्यम से कनेक्शन की व्यवहार्यता का आकलन किया जाता है। स्वीकृति मिलने के बाद एमडीपीई पाइपलाइन द्वारा बाहरी नेटवर्क का विस्तार किया जाता है तथा जीआई/कॉपर पाइपिंग के माध्यम से गैस आपूर्ति उपभोक्ता के घर तक पहुंचाई जाती है। इसके साथ ही गैस मीटर, रेगुलेटर एवं पाइपिंग की फिटिंग, लीकेज परीक्षण एवं आवश्यक सुरक्षा जांच पूर्ण की जाती है। घरेलू गैस कनेक्शन सक्रियण के दौरान उपभोक्ता के मौजूदा एलपीजी स्टोव को पीएनजी उपयोग के लिए उपयुक्त बनाया जाता है तथा सभी सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच के बाद गैस आपूर्ति प्रारंभ कर दी जाती है।
यह भी पढ़ें- क्या फिर लगेगा Lockdown?....भारत पर मंडरा रहा खतरा; अलर्ट मोड में सरकार
घरेलू पीएनजी गैस कनेक्शन की पूरी प्रक्रिया पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाती है, जिससे उपभोक्ताओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित हो सके। घरेलू पीएनजी कनेक्शन उपलब्धता संबंधित क्षेत्र में सीजीडी नेटवर्क के विस्तार पर निर्भर करेगी। उपभोक्ता अपने जिले में कार्यरत संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी से संपर्क कर इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

