पटना में अवैध बालू के खनन को लेकर दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी, 4 लोगों की मौत

9/29/2022 3:02:49 PM

पटना: बिहार के पटना जिले के मनेर बिहटा की सीमा पर स्थित आमनाबाद कटेसर में अवैध बालू खनन को लेकर गोलीबारी हुई। दोनों से हुई कई राउंड फायरिंग में चार लोगों की मौत हो गई। बालू माफिया मारे गए लोगों के शव को लेकर भाग गए। माफिया गुटों ने सभी शवों को गायब करने की कोशिश की। 



वर्चस्व के लिए दो गुटों के बीच हुई विवाद 
जानकारी के अनुसार, अवैध बालू खनन को लेकर इलाके में वर्चस्व के लिए दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। इस घटना में चार लोगों की गोली लगने से मौत हो गई। दोनों पक्षों के बीच सैकड़ों राउंड देसी और विदेशी हथियारों से फायरिंग की गई। वहीं कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 



मजदूरी करता था विमलेश
गोलीबारी की घटना में भोजपुर के चांदी थाना क्षेत्र के रामपुर प्रतापपुर गांव के विमलेश कुमार की भी मौत हो गई। विमलेश के परिजनों ने बताया कि वह मजदूरी करता था। उसके पास फोन आया कि बेटी हुई है, जिसके बाद वो अपने घर आ रहा था। लेकिन इसी दौरान कुछ हथियारबंद लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में विमलेश को पीछे से गोली लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं अस्पताल ले जाने के पहले ही उसने दम तोड़ दिया। 

Content Writer

Ramanjot