झारखंड से राज्यसभा की दो सीट के लिए 21 मार्च को होगा चुनाव, निर्वाचन आयोग ने की घोषणा

Sunday, Feb 25, 2024-08:43 AM (IST)

 

रांचीः झारखंड से राज्यसभा की दो सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 21 मार्च को होंगे। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। निर्वाचन आयोग ने कहा कि राज्य से दो राज्यसभा सदस्यों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समीर उरांव और कांग्रेस के धीरज प्रसाद साहू का कार्यकाल तीन मई को पूरा होगा, जिसके कारण इन रिक्त सीट को भरने के लिे चुनाव कराने की जरूरत पड़ी है।

निर्वाचन आयोग की घोषणा के अनुसार, चुनाव 21 मार्च को होगा, जबकि अधिसूचना चार मार्च को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 11 मार्च है और नाम वापस लेने की तारीख 14 मार्च है। अधिकारी ने बताया कि मतदान 21 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक झारखंड विधानसभा परिसर में होगा और मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे की जाएगी। आयोग ने कहा, ‘‘स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करके चुनाव प्रक्रिया की कड़ी निगरानी के वास्ते पर्याप्त कदम उठाए जाएंगे।'' झारखंड में राज्यसभा की कुल 6 सीट हैं।

बता दें कि 81 सदस्यीय राज्य विधानसभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन के 47 विधायक हैं। भाजपा के 26 और आजसू पार्टी के तीन विधायक हैं। दो निर्दलीय विधायकों के अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और भाकपा (माले) का एक-एक विधायक है। एक मनोनीत सदस्य भी है। सत्तारूढ़ गठबंधन के 47 विधायकों में से झामुमो के 29, कांग्रेस के 17 और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का एक विधायक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static