फेमस एक्टर एवं पूर्व विधायक पर 68 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, शिकायत दर्ज

Wednesday, Jul 29, 2026-04:27 PM (IST)

Soham Chakraborty: बंगाली एक्टर और पूर्व तृणमूल कांग्रेस MLA सोहम चक्रवर्ती पर एक बिज़नेसमैन के साथ 68 लाख रुपए की धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने और विश्वासघात करने का आरोप है। हुगली जिले के आरामबाग के रहने वाले और 'सोनम मूवीज़' के मालिक शेख शाहिद इमाम ने बुधवार को दक्षिण कोलकाता के टॉलीगंज इलाके के चारू मार्केट पुलिस स्टेशन में एक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

एक्टर के खिलाफ औपचारिक पुलिस शिकायत दर्ज कराने के बाद, शाहिद ने मीडिया के कुछ लोगों से कहा, "मैंने 2021 में फिल्म बनाने के लिए सोहम को पैसे दिए थे। उस समय फिल्म का नाम 'माणिकजोर' था। बाद में फिल्म का नाम बदलकर 'पाका देखा' कर दिया गया। वह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई और अच्छा बिजनेस किया। सोहम को भी पैसे मिले। फिर जब मैंने मुनाफे में अपना हिस्सा मांगा, तो वह टालते रहे कि 'आज दे दूंगा', 'कल दे दूंगा'।" 

शाहिद ने आगे कहा, "एक दिन, सोहम के असिस्टेंट अर्घ्य चटर्जी कोलकाता के एक मॉल के बेसमेंट में मुझसे मिले। फिर, जब मैंने उन पैसों की मांग की, तो अर्घ्य ने मुझे जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा, 'अगर पैसे मांगोगे तो मुसीबत में पड़ जाओगे।' उस समय सोहम MLA थे। मुझसे कहा गया कि अगर मैंने MLA पर दबाव डाला, तो मेरी हालत और खराब हो जाएगी। "बाद में, मैंने सीधे सोहम से भी बात की। तब उन्होंने साफ कह दिया कि वह पैसे नहीं दे सकते। 'पाका देखा' फिल्म के सैटेलाइट और अन्य अधिकार बेच दिए गए हैं। मुझे यकीन है कि सोहम को भी वे पैसे मिले हैं।" "मेरे पास इसका भी सबूत है।" 

इस मामले में एक्टर और पूर्व MLA की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, सोहम चक्रवर्ती के खिलाफ ऐसी शिकायत पहली बार नहीं हुई है। इस साल जून में भी एक्टर के खिलाफ ऐसा ही एक आरोप सामने आया था। आरोप यह था कि शिकायतकर्ता कौशिक करमाकर ने सोहम की कंपनी 'सोहम एंटरटेनमेंट' में निवेश करने के लिए सोहम को 1 करोड़ रुपये से ज़्यादा दिए थे। कहा गया था कि सोहम 'लाल सूटकेस टा' (Lal Suitcase ta) फिल्म में काम करेंगे और यह पैसा उसी के लिए दिया गया था। हालांकि, वह फिल्म नहीं बनी और सोहम ने उसमें काम भी नहीं किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो एक्टर ने MLA होने के नाते अपने रसूख का इस्तेमाल करते हुए उन्हें धमकाया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static