बक्सर ट्रेन दुर्घटना में 4 लोगों की मृत्यु पर CM नीतीश ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख मुआवजे की घोषणा
Thursday, Oct 12, 2023-10:34 AM (IST)

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन से गुवाहाटी के कामाख्या स्टेशन जाने वाली नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस के बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई दुर्घटना में 04 लोगों की मृत्यु को अत्यंत दुखद बताया है। नीतीश कुमार ने रेल हादसे में मरे लोगों के लिए चार-चार लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की। साथ ही घायल यात्रियों को 50-50 हजार रुपए मुआवजे की बात कही।
नीतीश कुमार ने ट्वीट कर लिखा कि दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन से गुवाहाटी के कामाख्या स्टेशन जाने वाली नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस की बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई दुर्घटना में 04 लोगों की मृत्यु अत्यंत दुःखद। मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। ईश्वर शोक संतप्त परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति दें। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रू अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा। घायल सभी यात्रियों का राज्य सरकार अपनी तरफ से इलाज करवाएगी। यात्रियों को हर तरह की सहायता मुहैया करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री इस दुखद घटना से मर्माहत हैं। उन्होंने इस हादसे में मृत लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है एवं दुख की इस घड़ी में मृतक के शोक संतप्त परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। वहीं नीतीश कुमार ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की भी ईश्वर से कामना की है।