Jamui Lok Sabha Seat: जीजा अरुण भारती के साथ चिराग की प्रतिष्ठा भी दांव पर, लगातार 2 बार दर्ज कर चुके हैं जीत

4/9/2024 1:07:43 PM

पटना: लोकसभा चुनाव 2024 में जमुई (सु) संसदीय सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दल लोजपा-रामविलास के टिकट पर पहली बार लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) लड़ रहे अरुण भारती के साथ ही चिराग पासवान की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में जमुई (सु) सीट पर राजग में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के टिकट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के पुत्र चिराग पासवान पासवान ने राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP ) के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद भूदेव चौधरी को पराजित किया था। 

पहली बार लोकसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे अरुण भारती
इस बार के चुनाव में लोजपा-रामविलास से चिराग पासवान ने जमुई (सु) सीट से अपने जीजा अरुण भारती को उम्मीदवार बनाया है। चिराग पासवान ने हाजीपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। अरुण भारती कांग्रेस की पूर्व मंत्री डॉ. ज्योति के पुत्र हैं। डॉक्टर ज्योति बिहार में कांग्रेस की कद्दावर नेता रही हैं। वह बिहार में विधायक, बिहार विधान परिषद् की सदस्य रहने के साथ ही बिहार सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। अरुण भारती दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बैचलर इन कॉमर्स हैं। इसके अलावा उन्होंने इंग्लैंड के यूनिवर्सिटी ऑफ स्ट्रेथक्लाइड यू.के से एमबीए की पढ़ाई की है। अरुण भारती ने दिल्ली में एक बैंकर के रूप में मल्टीनेशनल कंपनी बैंक स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक में काम किया है। अरुण भारती पहली बार लोकसभा के चुनावी रण में किस्मत आजमा रहे हैं। 

चिराग ने जमुई सीट से ही की थी राजनीतिक जीवन की शुरूआत 
जमुई संसदीय सीट से ही चिराग पासवान ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत की थी। सिनेमा की दुनिया से सियासत की दुनिया में आये चिराग पासवान ने वर्ष 2014 में जमुई (सु) से अपनी सियासी पारी का शानदार आगाज किया। चिराग पासवान ने लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और राजद उम्मीदवार सुधांशु शेखर भास्कर को पराजित किया था। भाजपा के साथ मतभेदों की वजह से जदयू उस समय राजग से अलग हो गई थी। जमुई को प्रतिष्ठाजनक सीट मान कर नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा के तत्कालीन अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी को जदयू का उम्मीदवार बना दिया। राजनीति में नए खिलाड़ी होने के बावजूद चिराग पासवान ने अपने से अनुभवी उदय नारायण चौधरी और सुधांशु शेखर भास्कर को करारी शिकस्त दी। जदयू उम्मीदवार उदय नारायण चौधरी इस चुनाव में तीसरे नंबर पर रहे। 

लगातार दो बार जमुई सीट पर जीत का सेहरा बांध चुके हैं चिराग 
चिराग पासवान ने वर्ष 2011 में प्रदर्शित फिल्म ‘मिले ना मिले हम' में कंगना रनौत के साथ काम किया था। उनकी फिल्म टिकट खिड़की पर भले ना चली लेकिन राजनीति में आते ही उन्होंने कमाल कर दिया। फिल्मी दुनिया मे फ्लॉप हीरो रहे चिराग पासवान राजनीति के स्टार बन गए। लगातार दो बार वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में जमुई (सु) सीट पर जीत का सेहरा बांध चुके चिराग पासवान इस बार के चुनाव में अपने लिए सुरक्षित जमुई (सु) छोड़कर अपने पिता पूर्व केन्द्रीय मंत्री मंत्री राम विलास पासवान की विरासत को संभालने के लिए हाजीपुर (सु) सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, ऐसे में जमुई (सु) सीट से उनके जीजा अरूण भारती के साथ ही उनकी भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। 

Content Writer

Ramanjot