LJP में रार: चिराग ने 5 सांसदों को किया निष्कासित, पारस गुट ने उन्हें अध्यक्ष पद से हटाया

6/15/2021 6:38:54 PM

 

नई दिल्ली/पटनाः लोजपा के चिराग पासवान की अगुवाई वाले धड़े ने मंगलवार को 5 असंतुष्ट पार्टी सांसदों को निष्कासित कर दिया, वहीं उनके चाचा पशुपति कुमार पारस के नेतृत्व वाले गुट ने चिराग को पार्टी अध्यक्ष पद से हटा दिया।

एक दिन पहले ही लोकसभा सचिवालय ने पारस को सदन में लोजपा के नेता के तौर पर मान्यता दी थी। इसके बाद दोनों धड़ों ने आनन-फानन में पार्टी पर नियंत्रण पाने की कोशिशें तेज कर दीं। पारस पार्टी संस्थापक दिवंगत राम विलास पासवान के सबसे छोटे भाई हैं। राम विलास पासवान के पुत्र चिराग संसदीय दल में अलग-थलग पड़ गए हैं क्योंकि उन्हें छोड़कर बाकी सांसद पारस का समर्थन कर रहे हैं।

वहीं सूत्रों ने कहा कि पारस को पार्टी के अन्य नेताओं का भी समर्थन प्राप्त है। दोनों धड़े पार्टी पर अपने नियंत्रण का दावा कर रहे हैं, ऐसे में मामला निर्वाचन आयोग तक पहुंचने के आसार हैं।

Content Writer

Nitika