बिहार में मनाई गई पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कृष्ण बल्लभ सहाय जी की जयंती, CM नीतीश व राज्यपाल ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

12/31/2022 1:28:04 PM

पटनाः पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कृष्ण बल्लभ सहाय जी की जयंती आज पूरे राज्य में मनाई गई। स्व. कृष्ण बल्लभ सहाय जी के जन्मदिवस पर राजकीय जयंती समारोह का आयोजन नया सचिवालय, पटना के दक्षिण पेसु के कोने (तीन मुहानी) पर स्थित प्रतिमा स्थल पर किया गया। राज्यपाल फागू चौहान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्व. कृष्ण बल्लभ सहाय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। 



इन गणमान्य व्यक्तियों ने दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर वित्त, वाणिज्य कर सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, स्व. कृष्ण बल्लभ सहाय के परिजन डॉ. हेमंत सहाय एवं रश्मि सहाय, राज्य नागरिक परिषद् के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी स्व. कृष्ण बल्लभ सहाय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन, बिहार गीत एवं देश भक्ति गीतों का गायन भी किया गया।



कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्रकारों से बातचीत की। जहरीली शराबकांड के अभियुक्त की हुई गिरफ्तारी को लेकर पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कुछ भी हुआ उसके लेकर सरकार गंभीर है। दोनों विभाग के अधिकारी इसको देख रहे हैं। एक-एक चीज की जांच हो रही है कि यह कैसे हुआ? यह बात जैसे ही हमारे सामने आई हमने अधिकारियों से कहा कि यह क्या हुआ है, कैसे हुआ है इसकी जांच करें। हमने अधिकारियों से इसे तत्काल देखने का निर्देश दिया। हमने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि एक-एक चीज पर नजर रखिए। 



ज्यादातर लोग शराबबंदी के पक्ष में: सीएम नीतीश 
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्यादातर लोग शराबबंदी के पक्ष में है। कुछ लोग गड़बड़ करने वाले होते हैं। उन पर कार्रवाई की जाती है। कई बार जिनको इसको रोकने की जिम्मेवारी होती है वो भी ठीक ढंग से काम नहीं करते तो उन पर भी कार्रवाई होती है। आजकल शराब की सप्लाई करने वाले बाहरी एवं यहां के लोग रोज पकड़ा रहे हैं। हमने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शराब के असली धंधेबाजों को खोजकर पकड़िए।

Content Writer

Ramanjot