बिहार उपचुनाव 2022ः मोकामा-गोपालगंज विधानसभा सीट पर मतदान खत्म, 5 बजे तक 50.24% वोटिंग

11/3/2022 6:05:22 PM

पटनाः बिहार विधानसभा की दो सीट- मोकामा और गोपालगंज पर मतदान खत्म हो गया है। दोनों सीटों पर 5 बजे तक कुल 50.24 प्रतिशत वोटिंग हुई। गोपालगंज में 48.30 प्रतिशत और मोकामा में 52.47 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं मोकामा विधानसभा की ईसानगर बूथ संख्या 282 में दो गुटों के बीच झड़प हो गई। इसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर चाक-चौबंद तैयारी की गई है। साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ पर्याप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपैट की व्यवस्था की गई है।




नीतीश ने RJD उम्मीदवार के समर्थन का किया अनुरोध
बिहार में मोकामा और गोपालगंज उपचुनाव पहला चुनाव होगा, जिसे नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जदयू के इस साल अगस्त में भाजपा से संबंध तोड़ने और राजद से हाथ मिलाने के बाद लड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मोकामा के मतदाताओं से राजद उम्मीदवार एवं अपने पूर्व नेता अनंत कुमार सिंह की पत्नी नीलम देवी का समर्थन करने का अनुरोध किया। विधायक के रूप में अनंत सिंह को अयोग्य ठहराए जाने के कारण यहां उपचुनाव की आवश्यकता हुई। चोट लगने के कारण नीतीश कुमार चुनाव प्रचार से दूर रहे और उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से लोगों से समर्थन की अपील की।



तेजस्वी यादव ने संभाला चुनाव प्रचार का मोर्चा
उपमुख्यमंत्री एवं राजद नेता तेजस्वी यादव ने हालांकि चुनाव प्रचार का मोर्चा संभाला और कई रैलियां कीं। अनंत कुमार सिंह को उनके घर से हथियार एवं विस्फोटक बरामद होने के मामले में इस साल की शुरुआत में दोषी ठहराए जाने के बाद अयोग्य ठहराया गया था। भाजपा ने इस सीट से नवोदित नेता सोनम देवी को चुनाव मैदान में उतारा है, जो स्थानीय बाहुबली एवं अनंत सिंह के विरोधी ललन सिंह की पत्नी हैं। गोपालगंज में भाजपा ने दिवंगत विधायक सुभाष सिंह की पत्नी कुसुम देवी को चुनाव मैदान में उतारा है।



चिराग ने किया BJP के समर्थन में प्रचार
राजद ने मोहन गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है जबकि लालू यादव के साले साधु यादव की पत्नी इंदिरा यादव बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा का चुनाव प्रचार अभियान उसके नेताओं द्वारा चलाया गया और बाद में चिराग पासवान ने उसके उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार किया, जो अब गठबंधन से अलग हो चुके हैं।



जानिए गोपालगंज-मोकामा में बनाए गए कितने मतदान केंद्र
वहीं निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, गोपालगंज में चुनाव आयोग की ओर से कुल 330 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 3.31 लाख मतदाता वोट करेंगे। इसके अतिरिक्त मोकामा में चुनाव आयोग ने कुल 289 मतदान केंद्र बनाए हैं, जहां करीब 2.77 लाख मतदाता अपने प्रत्याशी के पक्ष में वोट करेंगे।

Content Writer

Nitika