Bihar News: पुलिस लाठीचार्ज में BJP कार्यकर्ता विजय कुमार सिंह की मौत, सिर पर आई थी गंभीर चोट
Thursday, Jul 13, 2023-04:50 PM (IST)

पटनाः सरकार के खिलाफ बिहार विधानसभा मार्च कर रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। वहीं, इस लाठीचार्ज में बीजेपी कार्यकर्ता विजय कुमार सिंह की मौत हो गई। पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने इस बात की जानकारी दी हैं।
यह भी पढ़ेंः- Bihar News: पटना में विधानसभा मार्च कर रहे BJP कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
बताया जा रहा है कि लाठीचार्ज के दौरान विजय कुमार सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई थी, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। विजय कुमार सिंह जहानाबाद के जिला महामंत्री थे। बता दें कि प्रदर्शन में शामिल भाजपा बिहार प्रदेशाध्यक्ष सम्राट चौधरी और पुलिस के बीच धक्का मुक्की हुई। विधानसभा संयोजक डॉ. संजय मिश्रा को कुर्ता फाड़कर पीटा गया। पुलिस ने सम्राट चौधरी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया और सभी को बस में भरकर ले गई।
वहीं, बीजेपी कार्यकर्ता की मौत को लेकर सुशील कुमार मोदी ने बिहार सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सैकड़ों कार्यकर्ताओं का खून सड़क पर बहा हैं। ये खून बेकार नहीं जाएगा। इसका बदला बिहार की जनता नीतीश कुमार को गद्दी से हटा कर ही लेगी। भाजपा एमएलसी जीवन कुमार भी अपनी गिरफ्तारी के वक्त भाजपा कार्यकर्ता की मौत से आक्रोश में दिखें।