BJP नेता आज प्रदेश मुख्यालय के बाहर देंगे धरना, नीतीश के गठबंधन तोड़ने को बताया 'जनादेश का अपमान'
Wednesday, Aug 10, 2022-11:33 AM (IST)

पटनाः बिहार भाजपा ने नीतीश कुमार के गठबंधन तोड़ने को जनादेश का अपमान करार देते हुए आज पार्टी मुख्यालय के बाहर धरना देने की घोषणा की है।
भाजपा कोर कमेटी की मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल के साथ ही नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल रहे अधिकांश मंत्रियों ने भी भाग लिया। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष के हवाले से पार्टी के मीडिया प्रभारी राजेश झा राजू ने बताया कि आज यानी बुधवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय के समक्ष पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता धरना देंगे। इसके साथ ही 11 अगस्त को जिला मुख्यालय और 12 को सभी प्रखंड मुख्यालय पर पार्टी के नेता धरना देंगे।
बता दें कि गठबंधन तोड़ने से भाजपा नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जदयू पर हमलावर हो गई हैं। अब नीतीश कुमार के खिलाफ भाजपा ने सड़क पर उतरने की घोषणा कर दी है।