Rajya Sabha Elections... BJP-JDU और कांग्रेस के उम्मीदवार ने किया नामांकन, बिहार की 6 सीटों पर होगा मतदान
Wednesday, Feb 14, 2024-12:08 PM (IST)

पटनाः बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने पूर्व मंत्री संजय कुमार झा को राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर लिया है। इसके साथ ही भाजपा और कांग्रेस के उम्मदीवारों ने भी नामांकन कर दिया है।
भाजपा की धर्मशीला और भीम सिंह ने अपना नामांकन दाखिल कर लिया है जबकि कांग्रेस के अखिलेश सिंह ने भी नामांकन किया। गौरतलब है कि बिहार से राज्यसभा की 6 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव हो रहा है। प्रत्याशी 15 फरवरी तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 16 फरवरी को कागजात की जांच की जाएगी और आवश्यक हुआ तो मतदान 27 फरवरी को होगा तथा उसी दिन वोटों की गिनती की जाएगी।
बिहार से राज्यसभा की छह सीटों का कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त हो रहा है, जिसमें जदयू और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की दो-दो तथा भाजपा और कांग्रेस की एक-एक सीट शामिल है। जिन सांसदों का मौजूदा कार्यकाल समाप्त होगा, उनमें वशिष्ठ नारायण सिंह और अनिल हेगड़े (जदयू), सुशील कुमार मोदी (भाजपा), मनोज कुमार झा और अशफाक करीम (राजद) और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह शामिल हैं।
243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास कुल 128 विधायक हैं। संख्या बल के हिसाब से राजग के तीन उम्मीदवार आसानी से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो जाएंगे। वहीं राजद, कांग्रेस और तीन वाम दलों वाला महागठबंधन भी तीन सीटें जीत सकता है।