सुशांत सिंह राजपूत को लेकर BJP ने जारी किया स्टिकर, राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू

9/6/2020 6:55:28 PM

पटनाः दिवंगत फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को लेकर भाजपा और बिहार के कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ की ओर से एक स्टिकर जारी किया गया है। स्टिकर में मुस्कुराते सुशांत की तस्वीर लगी है, हैशटैग जस्टिस फॉर सुशांत के साथ एक स्लोगन लिखा है, "ना भूले हैं! ना भूलने देंगे। वहीं अब इसे लेकर राजनीति गरमा गई है। साथ ही कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं।

भाजपा ने राज्यभर में बांटे 30 हजार फेस मास्क
बिहार भाजपा के कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ ने ऐसे 30 हजार स्टिकर्स के अतिरिक्त सुशांत के चेहरे की तस्वीर वाले 30 हजार फेस मास्क भी पूरे राज्य भर में बांटे हैं। इसी बीच अब आगामी बिहार विधानसभा चुनावों को देखते हुए सोशल मीडिया पर इस स्टिकर को लेकर लोग सवाल खड़े कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि भाजपा ने सुशांत की मौत को चुनावी मुद्दा बना दिया है।

राजद ने चुनाव प्रचार का लगाया आरोप
बिहार की प्रमुख विपक्षी पार्टी राजद ने सुशांत की मौत के मामले में स्टिकर्स और फेस मास्क के द्वारा भाजपा पर पार्टी का चुनावी प्रचार करने का आरोप लगाया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नवल किशोर यादव ने कहा कि सुशांत की मौत तो दुखद है ही लेकिन उससे भी दुखद है उनकी मौत का तमाशा बनाना। भाजपा चुनाव प्रचार के लिए अब यही कर रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने दी ये सफाई
बिहार भाजपा प्रवक्ता निखिल आनंद ने सफाई देते हुए कहा कि मैंने खुद इसे ट्विटर पर शेयर किया है। हम इसको राजनीति से नहीं जोड़ना चाहते हैं। यह बिहार के कलाकारों का यहां के उभरते सितारे को सम्मान देने का मसला है।

Nitika