Bihar Weather Update: बिहार में बारिश के बाद भीषण गर्मी का अटैक, अगले 72 घंटे में मौसम में होगा बड़ा उलटफेर!
Tuesday, Mar 25, 2025-08:02 AM (IST)

Bihar Weather Update: मार्च के आखिरी दिनों में बिहार में मौसम ने करवट ली है। कुछ दिनों तक हुई बारिश के बाद अब तापमान में इजाफा हो रहा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य का मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहेगा। इसका सीधा असर तापमान पर पड़ेगा, जो तेजी से बढ़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने और हवाओं की दिशा बदलने के कारण अब गर्मी का असर तेज होने लगा है। IMD के अनुसार 3 से 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री व न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री बढ़ने का पूर्वानुमान है।
गर्मी की एंट्री, राहत के आसार नहीं
अब बिहार में गर्मी का मौसम पूरी तरह शुरू हो गया है। कुछ दिनों पहले हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया था, लेकिन अब वह दौर समाप्त हो चुका है। IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर हो चुका है, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी।
हवा के दबाव का असर, लू चलने की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, समुद्र तल से 3.1 किमी से 7.6 किमी की ऊंचाई तक हवाओं का दबाव बना हुआ है। इसके साथ ही, भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है, लेकिन इसका बिहार के मौसम पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा। हालांकि, पछुआ हवाओं के प्रभाव से गर्मी ज्यादा महसूस होगी।
बिहार में और चढ़ेगा पारा
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 25 मार्च को राज्यभर में मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 32°C से 34°C के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 18°C से 20°C के बीच रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होगी, जिससे लू चलने की भी संभावना बन सकती है।
गोपालगंज बना बिहार का सबसे गर्म जिला
24 मार्च को बिहार के अधिकतर हिस्सों में चटख धूप देखने को मिली, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दिन गोपालगंज सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.1°C दर्ज किया गया। वहीं, सबसे ठंडा स्थान अगवानपुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15.1°C रिकॉर्ड किया गया।