सासाराम:फसल कटाई के बाद पराली जलाने वालों की खैर नहीं, सरकार ने जारी किया सख्त आदेश

Tuesday, Apr 01, 2025-05:47 PM (IST)

सासाराम: बिहार में गेहूं की कटाई का मौसम शुरू हो चुका है और इसी के साथ प्रशासन ने किसानों को पराली जलाने से बचने की सख्त हिदायत दी है। आपदा प्रबंधन विभाग और सासाराम जिला प्रशासन ने एक निर्देश जारी कर किसानों को सावधानी बरतने को कहा है। सीओ विनीत व्यास ने जानकारी देते हुए बताया कि हार्वेस्टिंग प्रक्रिया के दौरान कई खेत फसल कटाई से छूट जाते हैं, जिससे किसान पराली जलाने की प्रवृत्ति अपनाते हैं।

पराली जलाने पर होगी FIR, सरकारी सुविधाओं से होंगे वंचित

पराली जलाने से आसपास के खेतों में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि जो भी किसान खेतों में पराली जलाएंगे, उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी।

कृषि सब्सिडी और अन्य योजनाओं से कटेगा नाम

सरकार ने स्पष्ट किया है कि पराली जलाने वाले किसानों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से वंचित कर दिया जाएगा। इसमें कृषि सब्सिडी, बीज अनुदान और अन्य सरकारी लाभ शामिल हैं। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे पराली जलाने के बजाय वैकल्पिक तरीकों को अपनाएं, जिससे पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे।

सरकार के निर्देशों की अवहेलना महंगी पड़ेगी

प्रशासन का कहना है कि पराली जलाने की अनुमति किसी भी इलाके में नहीं दी गई है। अगर कोई किसान इस आदेश का उल्लंघन करता है, तो कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ सरकारी सहायता से भी वंचित कर दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static