JDU विधायक बीमा भारती के पति पर जानलेवा हमला तो प्रशांत किशोर का CM नीतीश पर निशाना, पढ़ें बिहार की Top 10 News

11/3/2022 6:48:57 AM

पटनाः बिहार के पूर्णिया जिले में जेडीयू विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल पर सोमवार को चार अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। हालांकि, इस हमले में अवधेश मंडल बाल-बाल बच गए। इस मामले में दो नामजद एवं दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। उधर, प्रशांत किशोर ने सीएम नीतीश पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश भाजपा और राजद के बीच पेंडुलम की तरह लटके हुए हैं। आइए, नजर डालते हैं ऐसी ही दिनभर की बड़ी खबरों पर...

छठ पर बिहार आए लोगों के लिए जरूरी खबरः रेलवे चलाने जा रहा 88 स्पेशल ट्रेनें
लोक आस्था का महापर्व छठ समाप्त होने के बाद अब प्रवासी मजदूर अपने काम पर वापस लौटने जा रहे हैं। वहीं यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने बिहार से 88 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। कुल 88 छठ विशेष ट्रेनों में से चार गया-धनबाद-हावड़ा रूट से ग्रैंड कॉर्ड सेक्शन से गुजरेंगी।

पंचायत के दौरान JDU विधायक बीमा भारती के पति पर जानलेवा हमला
बिहार के पूर्णिया जिले में जेडीयू विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल पर जानलेवा हमला हुआ है। बताया जा रहा कि सोमवार को 4 अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। इसमें अवधेश मंडल बाल-बाल बच गए। वहीं घटना के बाद वह थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई।

BJP और RJD के बीच पेंडुलम की तरह लटके हुए हैं नीतीश: प्रशांत किशोर
राजनीतिक रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर ने अपनी जन सुराज पदयात्रा के 31वें दिन आज लौरिया प्रखंड के साहू जैन हाई स्कूल स्थित पदयात्रा शिविर में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पेंडुलम की तरह भाजपा और राजद के बीच लटके हुए रहते हैं। कभी इसके साथ तो कभी उसके साथ।

छठ के दौरान विभिन्न घाटों पर डूबने से 41 लोगों की गई जान
बिहार में जहां एक तरफ 4 दिवसीय छठ महापर्व का विधिपूर्वक समापन हो गया है, वहीं दूसरी तरफ त्योहार पर कई घरों में मातम भी पसर गया है। दरअसल, छठ के दौरान डूबने से 41 लोगों की मौत हो गई जबकि 2 अन्य लापता हो गए। वहीं राज्य सरकार की तरफ से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की अनुदान राशि देने के निर्देश दिए गए हैं।

मूर्ति विसर्जन को लेकर विवाद के बाद हिंसक झड़प, एक की हत्या, 2 घायल
बिहार के भोजपुर जिले में मूर्ति विसर्जन को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस झड़प के दौरान जमकर मारपीट और गोलीबारी हुई। इसी बीच गोली लगने से दो चचेरे भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए, वहीं एक अन्य युवक की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई।

कलयुगी बेटे ने छठ पूजा कर रही मां को जिंदा जलाया
बिहार के वैशाली जिले में एक कलयुगी बेटे ने छठ पूजा कर रही मां को जिंदा जलाकर मार डाला। बताया जा रहा है कि स्मैक के नशे में युवक ने मामूली विवाद को लेकर अपनी मां को जला दिया। वहीं नशे में होने के कारण वह खुद भी झुलस गया। होश में आने के बाद उसने कहा कि मां के मर जाने का अफसोस है, मुझसे गलती हो गई है।

चुनाव प्रचार करने मोकामा पहुंचे चिराग पासवान, कही ये बात
बीजेपी प्रत्याशी सोनम देवी के लिए वोट मांगने और चुनाव प्रचार करने बीजेपी और लोजपा रामविलास के कई नेता सोमवार को मोकामा पहुंचे। बीजेपी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा, लोजपा रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान सहित तमाम नेता मौजूद थे।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश पर बोला हमला
बिहार में 3 नवंबर को मोकामा और गोपालगंज सीट पर उपचुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं अपने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मोकामा उपचुनाव में प्रचार करने नहीं गए। इस पर नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने नीतीश कुमार का घेराव किया है।

मुंगेर में गैंगवारः वर्चस्व को लेकर आपस में भिड़े 2 गुट
बिहार के मुंगेर जिले में गैंगवार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां पर कुछ युवकों के द्वारा फिल्मी स्टाइल में फायरिंग की गई। वर्चस्व को लेकर 2 गुट आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे पर लगभग 20 मिनट तक फायरिंग करते रहे। वहीं इस घटना में पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

बिहार में फिर मिली 4 आंखों व हवाई जहाज जैसे पंख वाली मछली
बिहार के गोपालगंज जिले में गंडक नदी में 4 आंखों वाली मछली पाई गई हैं। इसके पंख हवाई जहाज के जैसे है। बताया जा रहा है कि इस मछली का नाम सकर माउथ कैटफिश है। यह मछली अमेरिका के अमेजन नदी में पाई जाती है। दोबारा से इस मछली के मिलने से वैज्ञानिकों की चिंता और बढ़ गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static