औरंगाबाद में छठ का प्रसाद बनाने के दौरान फटा सिलेंडर तो नालंदा में JDU नेता की निर्मम हत्या, पढ़ें बिहार की Top 10 News
Sunday, Oct 30, 2022-05:40 AM (IST)

पटनाः बिहार के औरंगाबाद जिले में शनिवार सुबह छठ पर्व के लिए प्रसाद बनाने के दौरान एक घर में रसोई गैस पाइप में रिसाव के कारण सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इस घटना में 25 से अधिक लोग झुलस गए। उधर, सीएम नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में जदयू कार्यकर्ता की निर्मम हत्या कर दी गई। आइए, नजर डालते हैं ऐसी ही दिनभर की बड़ी खबरों पर....
राजधानी में छाई छठ की छटा...दूसरे दिन घाटों पर उमड़ी भीड़
लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन खरना करने की परंपरा है। बिहार में लोकआस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के आज दूसरे दिन राजधानी पटना समेत राज्य के विभिन्न इलाकों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा समेत अन्य नदियों और तालाबों में स्नान किया।
छठ का प्रसाद बनाते समय गैस सिलेंडर में हुआ विस्फोट, 25 लोग घायल
बिहार में औरंगाबाद जिले से नगर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक मकान में रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे 25 लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। फिलहाल, सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिहार के मजदूर को ओमान में बनाया गया बंधक, वीडियो बनाकर बयां किया दर्द
बिहार के सीवान जिले के एक मजदूर को ओमान में बंधक बना लिया गया है। उस शख्स के साथ वहां पर मारपीट की जा रही है। वहीं मजदूर ने एक वीडियो बनाकर अपने दर्द को बयान किया है और अपने घर वापस आने के लिए भारत सरकार से गुहार लगाई हैं।
CM नीतीश के गृह जिले में JDU नेता की निर्मम हत्या
बिहार में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि वह आम लोगों के साथ-साथ नेताओं को भी अपना निशाना बना रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में बदमाशों ने जदयू कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया में किसानों को दें MSP का लाभः CM नीतीश
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को अधिकारियों को धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया में अधिक से अधिक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ दिए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां धान की कटनी प्रारंभ हो चुकी है, ऐसे जिलों को चिह्नित कर वहीं से धान अधिप्राप्ति का कार्य शुरू कराएं।
छठ पूजा पर घर आ रहे 2 BMP जवानों को ट्रक ने रौंदा, दोनों की दर्दनाक मौत
बिहार के भोजपुर जिले में बालू लदे ट्रक ने बाइक सवार 2 बीएमपी जवानों को रौंद दिया। इस हादसे में दोनों जवानों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं घटना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसर गया है।
नौकरी को लेकर कुछ ही दिनों में होने जा रहा 'बड़ा ऐलान': तेजस्वी
गोपालगंज विधानसभा उपचुनाव में अपनी पार्टी के प्रत्याशी मोहन प्रकाश गुप्ता के पक्ष में उत्तर जादवपुर गांव में एक चुनावी सभा में तेजस्वी ने कहा, ‘‘पिछले 17 वर्षों तक आप लोगों ने भाजपा को मौका दिया। उपचुनाव में सिर्फ तीन वर्षों के लिए राजद को मौका दीजिए और यदि हम काम नहीं करेंगे तो हमें अगला मौका मत दीजिएगा।''
धर्म की मिसाल बनीं नज़मा खातूनः 9 सालों से कर रही हैं छठ पूजा
लोक आस्था का महापर्व छठ बिहार सहित पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है। अब छठ पर्व की पहचान ग्लोबल रूप में हो रही है। छठ पर्व का आज दूसरा दिन है। आज छठ व्रती खरना का प्रसाद बनाते हैं और उसको ग्रहण करते हैं। पटना में भी छठ पर्व की रौनक देखते बन रही है। इसी बीच हम आपको एक अलग तस्वीर दिखाने जा रहे हैं।
रोहतास में जहरीली शराब से मौत के बाद SOP लागू करे सरकार: सुशील मोदी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि दिवाली की रात रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मृत्यु से पूर्ण शराबबंदी लागू करने में बिहार की नीतीश सरकार की विफलता फिर उजागर हुई है।
बिहार में 40 वर्षों से आस्था के साथ छठ पूजा कर रहे किन्नर
लोक आस्था का महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान शुक्रवार को आरंभ हो गया है। छठ पूजा को केवल हिंदू लोग ही नहीं बल्कि मुस्लिम और किन्नर समुदाय के लोग भी करते हैं। वहीं बिहार के गोपालगंज जिले में रहने वाले किन्नर समुदाय के लोग भी काफी आस्था के साथ छठ पूजा कर रहे हैं।