गलवान विवाद पर बिहार की चीनी बहू बोली, ऐसे लग रहा जैसे मायका और ससुराल झगड़ रहे हों

7/7/2020 4:40:06 PM

नालंदाः गलवान घाटी पर भारत-चीन के बीच हुई झड़प के कारण हर भारतीय में आक्रोश भरा हुआ है। हर कोई चीन को सबक सिखाने की बात कर रहा है। इसी बीच बिहार की चीनी बहू कहती है कि मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मेरे माता-पिता और सास-ससुर झगड़ रहे हों।

मूल रूप से चीन की रहने वाली यीन ह अब बिहार में रहती है और अच्छी खासी हिंदी बोल लेती है। भारत-चीन मित्रता की हिमायती के कारण उसने अपने बेटे के नाम मैत्रेय रखा है। हाल ही में गलवान घाटी पर भारत-चीन के बीच हुए विवाद पर यीन ह कहती है कि जब दोनों देशों के ‘भरोसे’ का खून बहा तो मैं फूट-फूटकर रोई। ऐसा लगा जैसे मेरे माता-पिता और सास-ससुर झगड़ रहे हों। यह मेरे लिए सदमे की तरह है। मैं बुद्ध को मानती हूं।

यीन ह ने आगे कहा कि मैं चीन में पैदा हुई, लेकिन शादी एक भारतीय से की। उन्होंने कहा कि मुझे खूब सम्मान मिल रहा है, चीन के लोग भी भारतीयों की इज्जत करते हैं। भारत की खूबी है कि यहां लोग संयुक्त परिवार में रहना पसंद करते हैं।

2016 में हुई थी शादी
बता दें कि यीन ह के पति अरुण कुमार यादव डीम्ड यूनिवर्सिटी नव नालंदा महाविहार में पॉली भाषा के असिस्टेंट लेक्चरर हैं। उन्हें साल 2011-12 में इंडो-चाइनीज स्कॉलरशिप मिली। इसके बाद वे मंदारिन भाषा की पढ़ाई करने के लिए चीन में रहने लगे। चीन के विवि में उन्हें बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई कर रही यीन ह मिली। इसके बाद दोनों में प्यार हो गया और 2016 में वे शादी के बंधन में बंध गए।

Edited By

Ramanjot