जून में और बढ़ेगा बिहार का सियासी तापमान, CM नीतीश की विपक्षी एकता का जवाब देने आएंगे PM मोदी

5/31/2023 4:19:51 PM

 

पटना(अभिषेक कुमार सिंह): देश की राजनीति और लोकसभा चुनाव 2024 के लिए आने वाला जून का महीना ख़ास होने वाला है। एक ओर 12 जून को जहां विपक्षियों पार्टियों का महाजुटान पटना में होने वाला है। वहीं दूसरी ओर मोदी सरकार के केंद्र में 9 साल पूरे होने के उपलक्ष में भाजपा जून के महीने में ही बिहार में भव्य आयोजन करने की तैयारी में है।



बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी बड़ी रैली करेगी। इस रैली में पीएम,राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष शामिल हो सकते हैं। रैली के माध्यम से मोदी सरकार के 9 साल का लेखा-जोखा रखा जाएगा। भाजपा के बैठक को लेकर जदयू नेता और बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि उनके बैठक से कोई चिंता में नहीं है।



भारतीय जनता पार्टी जाने कि प्रधानमंत्री को बुलाना है या गृह मंत्री को बुलाना है, हो सके तो विदेश से भी किसी को बुला ले। हम लोग महागठबंधन के लोग हैं। हम सिर्फ इतना जानते हैं कि देश में भाजपा ने जो भी वादा किया था उसमें एक भी वादा पूरा नहीं हुआ है। चाहे रोजगार का सवाल हो? चाहे महंगाई के सवाल हो? चाहे काला धन लाने का सवाल हो? चाहे अच्छे दिन लाने का सवाल हो? इसलिए देश की जनता 2024 में उन्हें गद्दी से खाली कर आएगी। भाजपा की होने वाली रैली पर राजद ने भी भाजपा पर तंज किया है।



राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि इस जून महीने में राजनीति का मानसून भी आएगा। भाजपा के खिलाफ जो गैर भाजपाई एकजुटता का गवाह बिहार बनेगा वह भी सब लोग देखेंगे। भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ बड़ी लड़ाई के लिए सभी विपक्षी पार्टियों के द्वारा हुंकार भरी जाएगी। जून महीने से ही भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी। लोकसभा चुनाव 2024 की लड़ाई का शंखनाद बिहार की राजधानी पटना से होने वाली है। बैठक को लेकर विपक्षी दल और भाजपा आमने सामने है। अब देखना होगा कि जून के महीने के बाद देश की राजनीति में विपक्ष भाजपा को पटखनी देने की क्या रणनीति बनाता है।

Content Writer

Nitika