आलू और आम उत्पादन में बिहार की बड़ी छलांग, लीची-मखाना में नंबर वन
Monday, Mar 17, 2025-09:56 AM (IST)

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की हरित क्रांति का असर अब दिखने लगा है। बिहार में फल और सब्जी उत्पादन लगातार बढ़ रहा है, जिससे राज्य की राष्ट्रीय हिस्सेदारी भी मजबूत हो रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, आलू और आम उत्पादन में बिहार अब देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि लीची, मशरूम और मखाना उत्पादन में बिहार नंबर वन पर बरकरार है।
इसके अलावा, शहद उत्पादन में बिहार चौथे, भिंडी उत्पादन में पांचवें और केला उत्पादन में आठवें स्थान पर आ गया है। फलों और सब्जियों की बढ़ती पैदावार के चलते बिहार सब्जी उत्पादन में देश में चौथे और फलों के उत्पादन में आठवें स्थान पर पहुंच गया है।
बिहार बन रहा है देश का फल-सब्जी हब
- बिहार अब देश को फल और सब्जी आपूर्ति करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
- देश के कुल आम उत्पादन का 8% बिहार में हो रहा है।
- आलू उत्पादन में बिहार की हिस्सेदारी 5% तक पहुंच गई है।
- शहद उत्पादन में बिहार का योगदान 12%, भिंडी में 13% और केले में 5% है।
बिहार सरकार लगातार फल और सब्जी उत्पादन को बढ़ाने के लिए नई योजनाएं लागू कर रही है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
केला और आम उत्पादन के लिए विशेष योजना
- राज्य सरकार ने आम और केला उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं शुरू की हैं।
- आम विकास योजना के तहत पूरे बिहार में आम की खेती का विस्तार किया जाएगा और सरकार 50% अनुदान देगी।
- फल विकास योजना के तहत किसानों को 50% तक की सब्सिडी दी जाएगी, जिससे वे अपनी बागवानी को आधुनिक बना सकें।
- दक्षिण बिहार में सेब, बेर और बेल उत्पादन को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
बिहार की कृषि क्रांति को मिल रही सफलता
हरित क्रांति के प्रभाव से बिहार कृषि और बागवानी में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आने वाले वर्षों में राज्य फल और सब्जी उत्पादन में देश का प्रमुख केंद्र बन सकता है।