‘नीतीश कुमार: अंतरंग दोस्तों की नजर से''... 3 जुलाई को होगा बिहार के CM की जीवनी का लोकार्पण

Saturday, Jun 24, 2023-12:31 PM (IST)

नई दिल्ली/पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जीवन पर लिखी गई एक नई किताब का लोकार्पण तीन जुलाई को होगा जिसमें उनके निजी और राजनीतिक जीवन की झलक देखने को मिलेगी। प्रकाशक ने गुरुवार को बताया कि ‘नीतीश कुमार: अंतरंग दोस्तों की नजर से' शीर्षक वाली पुस्तक का लोकार्पण राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव तीन जुलाई को पटना में करेंगे। 

करीबी दोस्तों से एकत्रित की गईं कहानियां
लेखक उदयकांत ने नीतीश कुमार की जिंदगी के कम ज्ञात पहलुओं से रूबरू कराने के लिए उनके ऐसे करीबी दोस्तों से कहानियां एकत्रित की हैं जो 50 साल से अधिक समय से उनके संपर्क में हैं। कांत ने कहा कि नेताओं की जीवनी उनकी राजनीतिक यात्रा के ईर्द-गिर्द घूमती है और व्यक्ति के सामने आई परिस्थितियों तथा मानसिकता की बहुत कम जानकारी मिलती है जिनकी वजह से वे मौजूदा मुकाम पर पहुंचे होते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इस संबंध में नीतीश की जीवनी अलग है। यह छोटे कस्बे से शुरू होती और सड़कों पर संघर्ष के बाद अंतत: उनके मौजूदा मुकाम तक पहुंचती है। कहानी न केवल उनके संघर्ष को बयां करती है, बल्कि उनकी निजी जिंदगी, परिवार और राजनीतिक माहौल पर भी प्रकाश डालती है तथा उन कई कहानियों को भी सामने लाती हैं जो समय की धूल के नीचे छिप गई थीं।'' 

यह प्रेरणादायक और हृदयस्पर्शी जीवनी: अशोक माहेश्वरी
राजकमल प्रकाशन समूह के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा, ‘‘यह जीवनी नीतीश कुमार की जिंदगी के कई अंतरंग पहलुओं को सामने लाएगी जो पहले लोगों के सामने नहीं आए थे। यह प्रेरणादायक और हृदयस्पर्शी जीवनी है। यह खुशी की बात है कि बिहार के दूसरे सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार की जीवनी को राजकमल प्रकाशन ने प्रकाशित किया है।'' 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static