मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया सचिवालय का औचक निरीक्षण, ई-ऑफिस व्यवस्था की समीक्षा
Thursday, Mar 13, 2025-06:48 PM (IST)

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सचिवालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और सभी संबंधित विभागों को समय सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं का क्रियान्वयन जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को याद दिलाया कि इन योजनाओं की स्वीकृति पहले ही कैबिनेट से मिल चुकी है, इसलिए कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी अस्वीकार्य होगी।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामान्य प्रशासन विभाग के विभिन्न कक्षों और प्रशाखाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली का जायजा लिया और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यालयी कार्यों को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए ई-गवर्नेंस को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हों और कार्यालय का माहौल स्वच्छ और व्यवस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ई-ऑफिस के तहत संचालित व्यवस्थाओं की बारीकी से जानकारी ली और सुधार के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यों का निष्पादन तेजी से हो और फाइलों के निपटारे में अनावश्यक विलंब न किया जाए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर, वित्त विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार एवं कुमार रवि, गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।