कोडरमा सीट पर काम करेगा बाबूलाल मरांडी का फैक्टर, क्या इस बार भी एकतरफा जीत हासिल करेंगी अन्नपूर्णा देवी

3/22/2024 5:31:58 PM

कोडरमा: झारखंड के 14 लोकसभा सीटों में से एक सीट कोडरमा भी है। साल 2000 तक कोडरमा भी बिहार का ही एक हिस्सा हुआ करता था। देश में लगे आपातकाल के बाद साल 1977 में इस सीट पर पहली बार हुए चुनाव में जनता पार्टी के आरएलपी वर्मा चुनाव जीते। इसके बाद 1980 में आरएलपी वर्मा भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े और जीत का परचम लहराया। 1984 में इस सीट पर पहली बार कांग्रेस को जीत मिली और तिलकधारी सिंह सांसद चुने गए। 1989 में एक बार फिर से बीजेपी के टिकट पर आरएलपी वर्मा चुनाव जीतने में कामयाब रहे। 1991 में जनता दल के टिकट पर मुमताज अंसारी चुनाव जीते। वहीं 1996 और 1998 में बीजेपी के टिकट पर आरएलपी वर्मा सांसद बने। 

1999 में कांग्रेस के टिकट पर तिलकधारी सिंह सांसद चुने गए। 2004 में इस सीट पर बीजेपी के टिकट पर बाबूलाल मरांडी चुनाव जीते जबकि 2006 में हुए उपचुनाव में बाबूलाल मरांडी निर्दलीय चुनाव लड़े और जीते। वहीं 2009 में बाबूलाल मरांडी अपनी पार्टी झारखंड विकास मोर्चा प्रजातांत्रिक के टिकट पर जीतकर संसद पहुंचे, लेकिन 2014 में मोदी लहर में यह सीट एक बार फिर से बीजेपी के खाते में गई और बीजेपी के टिकट पर रविंद्र कुमार राय सांसद चुने गए। 2019 के लोकसभा चुनाव में अन्नपूर्णा देवी ने जीत हासिल की थी। कोडरमा लोकसभा सीट के अंतर्गत 6 विधानसभा सीटें आती हैं, जिनमें से कोडरमा जिले की कोडरमा विधानसभा हजारीबाग जिले की बरकट्ठा विधानसभा और गिरीडीह जिले की धनवार, बगोदर, जमुआ और गांडेय विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

एक नजर 2019 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर

2019 के लोकसभा चुनाव में कोडरमा सीट से बीजेपी कैंडिडेट अन्नपूर्णा देवी ने जीत हासिल की। अन्नपूर्णा देवी को 7 लाख 53 हजार 16 वोट मिले। वहीं जेवीएम कैंडिडेट के तौर पर बाबूलाल मरांडी ने 2 लाख 97 हजार 416 वोट लाकर दूसरा स्थान हासिल किया तो सीपीआई एम एल एल कैंडिडेट राजकुमार यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया। यादव ने 68 हजार 207 वोट हासिल किए थे।

एक नजर 2014 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर

अब एक नजर पिछले लोकसभा चुनाव के नतीजों पर डालें तो साल 2014 में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के रविंद्र कुमार राय को 3 लाख 65 हजार 410 वोट मिले थे जबकि CPI एमएलएल  के राजकुमार यादव 2 लाख 66 हजार 756 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं जेवीएम के प्रणव कुमार वर्मा 1 लाख 60 हजार 638 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे थे।

एक नजर 2009 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर

साल 2009 में हुए लोकसभा चुनाव पर नजर डालें तो झारखंड विकास मोर्चा के बाबूलाल मरांडी ने 1 लाख 99 हजार 462 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं CPI ML (L) के राज कुमार यादव 1 लाख 50 हजार 942 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि बीजेपी के लक्ष्मण स्वर्णकार को 1 लाख 15 हजार 145 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।

एक नजर 2004 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर

साल 2004 में हुए लोकसभा चुनाव पर नजर डालें तो भारतीय जनता पार्टी के बाबूलाल मरांडी ने 3 लाख 66 हजार 656 वोट हासिल कर जीत का परचम लहराया था तो वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के चंपा वर्मा 2 लाख 11 हजार 712 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे जबकि CPI ML (L) के राज कुमार यादव को 1 लाख 36 हजार 554 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।

कोडरमा सीट पर 20 मई को लोकसभा चुनाव होना है। कोडरमा सीट से बीजेपी ने एक बार फिर अन्नपूर्णा देवी को ही उम्मीदवार बनाया है। पिछली बार अन्नपूर्णा देवी ने बंपर वोट से जीत हासिल की थी। देखने वाली बात ये होगी कि क्या इस बार भी अन्नपूर्णा देवी अपनी बढ़त कायम रख पाएगी या नहीं।

Content Editor

Khushi