सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले: इस राज्य सरकार ने 3% बढ़ाया महंगाई भत्ता; नवंबर में मिलेगा 4 महीने का एरियर
Friday, Nov 06, 2026-02:35 PM (IST)
ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश सरकार ने दिवाली के तोहफे के रूप में, राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है, जिससे यह दर 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गई है। ये नई दरें इस साल 1 जुलाई से लागू मानी जाएंगी। इस फैसले की घोषणा मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए की।
खांडू ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अरुणाचल प्रदेश सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनभोगियों व पारिवारिक पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इसके साथ ही, यह दर 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गई है, जो 1 जुलाई 2024 से प्रभावी होगी।" मुख्यमंत्री ने बताया कि DA और DR में हुई इस बढ़ोतरी का लाभ राज्य सरकार के अधीन काम कर रहे 'ऑल इंडिया सर्विसेज' (AIS) अधिकारियों और अरुणाचल प्रदेश में प्रतिनियुक्ति (deputation) पर तैनात केंद्र सरकार के कर्मचारियों को भी मिलेगा।
नवंबर के वेतन के साथ मिलेगा 4 महीने का एरियर
खांडू के अनुसार, जुलाई से अक्टूबर तक की चार महीने की अवधि का बकाया (arrears) नकद रूप में दिया जाएगा। यह राशि सीधे कार्यरत कर्मचारियों के वेतन खातों और पेंशनभोगियों व पारिवारिक पेंशनभोगियों के पेंशन खातों में जमा कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बढ़ी हुई DA और DR की राशि नवंबर महीने के वेतन और पेंशन के साथ दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले से राज्य के बड़ी संख्या में कार्यरत सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को फायदा होगा, जिससे उन्हें त्योहारों के मौसम में अतिरिक्त आर्थिक मदद मिलेगी।

