कल Jharkhand आ रहे हैं अमित शाह, 26 हजार कार्यकर्ताओं से संवाद कर विस चुनाव का फूंकेंगे बिगुल
Friday, Jul 19, 2024-01:26 PM (IST)

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव की सियासी जंग फतह करने के लिए बीजेपी कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती। विधानसभा चुनावों में अपनी जीत पक्की करने के लिए भाजपा पूरा जोर लगा रही है। इसी को लेकर पार्टी के बड़े नेता लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह कल यानी शनिवार को रांची आ रहे हैं जहां वह विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के अभियान का चुनावी बिगुल फूकेंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं को जीत के लिए एकजुट होकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध करेंगे।
चुनावी रणनीति पर होगी चर्चा
मिली जानकारी के अनुसार रांची के प्रभात तारा मैदान में प्रदेश की विस्तारित कार्यसमिति की सभा बुलाई है, जिसे वह मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करेंगे। इसके बाद शाह प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी के प्रमुख नेताओं और प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। इस सभा में प्रदेश, जिला, मंडल स्तर की कार्यसमिति और पार्टी के विभिन्न मोर्चों-प्रकोष्ठों के 26 हजार से ज्यादा पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे। अमित शाह शनिवार को लगभग 6 घंटे तक रांची में रहेंगे। यहां पर शाह भाजपा के 26 हजार कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे।
बता दें कि आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी में नवनियुक्त चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सह प्रभारी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा लगभग हर हफ्ते झारखंड का दौरा कर रहे हैं। वे अलग-अलग इलाकों का दौरा कर रहे हैं और विभिन्न स्तरों पर नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे हैं एवं विजय संकल्प सभा के जरिये कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दे रहे हैं।