बेगूसराय गोलीकांड के सभी 4 आरोपी गिरफ्तार, आज पुलिस करेगी कई बड़े खुलासे

9/16/2022 10:49:05 AM

 

बेगूसरायः बिहार के बेगूसराय जिले में मंगलवार की शाम को हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने सभी 4 आरोपियों सुमित, युवराज, केशव उर्फ़ नागा और अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी बेगूसराय के रहने वाले बताए जा रहे हैं।



गुप्त सूचना के आधार पर झाझा थानाध्यक्ष राजेश शरण ने मौर्य एक्स ट्रेन से सफर कर रहे केशव नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसे बेगूसराय पुलिस के हवाले कर दिया है। आज पुलिस इस मामले में कई बड़े खुलासे करेगी। वहीं जिला पुलिस अधीक्षक ने अपराधियों की कुछ तस्वीरें जारी करते हुए कहा था कि उनके बारे में जानकारी देने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।



बता दें कि बेगूसराय जिलान्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 28 पर मंगलवार की शाम फूलवरिया, बछवाड़ा, तेघड़ा एवं चकिया थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने विभिन्‍न स्थानों गोलीबारी की, जिसमें बरौनी थाना क्षेत्र में रहने वाले चन्दन कुमार (31) की मृत्यु हो गई थी जबकि 10 अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे।

Content Writer

Nitika