Bihar: 2022 में अब तक Acid Attack के 9 मामले, महिलाओं पर सबसे ज्यादा हमले

5/13/2022 5:56:28 PM

पटनाः भारत में हर साल करीब 500 लोगों पर एसिड अटैक होता है। दुनियाभर में यह आंकड़ा 1500 है। इसमें महिलाओं की संख्या सबसे ज्यादा है। इसका कारण ज्यादातर प्यार में असफलता, छेड़खानी, दहेज और जमीन विवाद जैसी घटनाएं सबसे अधिक होती है। वहीं बिहार में भी एसिड अटैक के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। बिहार में 2022 में अब तक 9 मामले सामने आए हैं, जो कि इस प्रकार हैः-

आरा में 11 मई 2022 को Acid Attack
भोजपुर के जिला मुख्यालय आरा के टाउन थाना क्षेत्र के भलुही पुर मोहल्ले में घरेलू विवाद को लेकर भैंसुर ने महिला पर तेजाब फेंक दिया। इससे महिला का चेहरा और शरीर बुरी तरह से झुलस गया।

गोपालगंज में 7 मई 2022 को Acid Attack
गोपालगंज के फुलवरिया थाना क्षेत्र के कररिया ठकुराई गांव में एक-तरफा प्यार में सनकी एक युवक ने आधी रात को छत के सहारे युवती के कमरे में घुसकर उस पर तेजाब फेंक दिया। युवती घर में सो रही थी तभी एक युवती पर तेजाब फेंककर उसे जख्मी कर दिया गया। तेजाब से युवती का चेहरा और आधा शरीर बुरी तरह से झुलस गया है। उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।

बक्सर में Acid Attack के 3 मामले
बक्सर के अंबेडकर चौक इलाके में रविवार को पिता की ही गलती से बेटी पर एसिड गिर गया, जिसमें वो बुरी तरह से जल गई है। दरअसल, पिता कालीचरण वर्मा ने संपत्ति विवाद में अपने भाई शंकर वर्मा और उसकी बेटी दुर्गा पर फेंकने के लिए एसिड की बोतल हाथ में उठाई थी लेकिन पिता को ऐसा करने से रोकने के लिए बीच में आई 19 साल की शैली खुद एसिड अटैक का शिकार हो गई।

बक्सर के नगर थाना क्षेत्र में एक युवती पर बदमाशों ने तेजाब फेंक दिया। इससे युवती गंभीर रूप से झुलस गई। इस दौरान युवती के माता-पिता भी तेजाब की चपेट में आ गए और वो भी जख्मी हो गए। सभी का अस्पताल में इलाज जारी है। एसिड अटैक किसी पुराने विवाद को लेकर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बक्सर जिले के तिलक राय ओपी के भिक्षु डेरा गांव में पति द्वारा पत्नी पर तेजाब से हमला किया गया था। इससे पत्नी की स्थिति गंभीर हो गई थी। आरोपी पत्नी से हमेशा मारपीट किया करता था। इससे बचने के लिए महिला अपने मायके आ गई पर पति ने उसका यहां भी पीछा नहीं छोड़ा और एक रात उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया।

रोहतास में 18 अप्रैल 2022 को Acid Attack
रोहतास के बिक्रमगंज में एक महिला डांसर के चेहरे पर तेजाब फेंकने का खौफनाक मामला सामने आया है। युवती अपने भाई के साथ किसी डांस प्रोग्राम में परफार्म करने के लिए जा रही थी। तभी बिक्रमगंज के कॉलेज मोड़ के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने युवती के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब पड़ते ही युवती का चेहरा बुरी तरह झुलस गया।

नालंदा में 19 मार्च 2022 को Acid Attack
नालंदा में अपराधियों ने एक युवक के ऊपर तेजाब डालकर उसे जिंदा जला दिया। हिलसा थाना क्षेत्र के नदहा गांव में बदमाशों ने एक युवक के ऊपर तेजाब डाल दिया। विरेश राम होली में घर आया था। शुक्रवार देर शाम कुछ लोग उसे बुलाकर अपने साथ ले गए और हत्या कर दी।

सुपौल में 11 जनवरी 2022 को Acid Attack
सुपौल में पति ने पत्नी पर गुस्सा किया और दौड़कर बाथरूम गया। उधर से लौटा तो उसके हाथ में एसिड की बोतल थी। उसने सीधे एसिड की पूरी बोतल अपनी पत्नी के ऊपर उड़ेल दी। पत्नी जोर-जोर से चीखने लगी। पूरे कमरे में जलने की बदबू फैल गई। शोर सुनकर बचाने के लिए पड़ोस की एक महिला और उसका बेटा सामने आए। इस दौरान वो भी एसिड की चपेट में आ गए।

दरभंगा में 16 अप्रैल 2022 को Acid Attack
दरभंगा में दो पक्षों में जमीनी विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर तेजाब से हमला कर दिया, जिसके बाद एक ही परिवार के 4 सदस्य झुलस गए हैं। बता दें कि एक शख्स की आंख में तेजाब चला गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static