भागलपुर में सनकी पति ने पहले अपनी सिपाही पत्नी, 2 बच्चों और मां का किया मर्डर, फिर फंदे से लटककर दे दी जान

Tuesday, Aug 13, 2024-12:48 PM (IST)

भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले से एक दिल-दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पर एक सनकी पति ने अपनी सिपाही पत्नी, 2 बच्चों और मां को मौत के घाट उतार दिया और उसके बाद खुद भी फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, घटना भागलपुर पुलिस लाइन की है, जहां पुलिस लाइन क्वार्टर से एक महिला सिपाही और उसके परिवार के 4 लोगों के शव मिले है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें महिला सिपाही के पति ने हत्या की बात को स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस लाइन में प्रवेश वाले सभी दरवाजों को सील कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के चलते सिपाही पत्नी, 2 बच्चों और अपनी मां की हत्या कर युवक ने आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी का माहौल कायम हो गया है। इस घटना में मृत महिला सिपाही की पहचान नीतू कुमारी के रूप में हुई है।

पति-पत्नी में कई दिनों से चल रहा था विवाद
इस मामले को लेकर भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक विवेकानंद ने बताया कि जिला पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास से आज सुबह महिला सिपाही नीतू कुमारी और उसकी मां, पति पंकज कुमार तथा दो बच्चों का शव बरामद किया गया है। इस महिला सिपाही के पति का शव फंदा से लटका मिला है। उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। उन्होंने बताया कि उक्त सुसाइड नोट के जरिए सिपाही के पति पंकज कुमार ने स्वीकार किया कि कि अपनी पत्नी नीतू,उसकी मां और दो बच्चों की गला रेत कर हत्या करने के बाद मै आत्महत्या कर रहा हूं। क्योंकि मेरी पत्नी (नीतू कुमारी)का अवैध संबंध दूसरे व्यक्ति से चल रहा था।

घटना के हर बिन्दु की जांच की जा रही
पुलिस उप महानिरीक्षक ने बताया कि मृत महिला सिपाही बक्सर जिले की रहनेवाली थी और उसने पंकज कुमार से प्रेम विवाह किया था। वह 2015 बैंच की महिला सिपाही थी और करीब तीन साल पहले भागलपुर स्थित वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय पदस्थापित हुई थी।उन्होंने बताया कि इस मामले की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है। वहीं जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है। घटना के हर बिन्दु की जांच की जा रही है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static