बिहार में जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की गई जान, 6 ने गंवाई आंखों की रोशनी...12 से अधिक की हालत नाजुक
Friday, Apr 03, 2026-02:40 PM (IST)
Bihar News : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में कथित जहरीली शराब पीने से मरने वालो कीं संख्या बढ़कर चार हो गयी है, तथा छह लोगों के आंखों की रौशनी चली गयी है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार तक कथित जहरीली शराब पीने से पुलवाघाट निवासी सुरेश प्रसाद के पुत्र चंदू (38) की मौत हुई थी। उसके बाद देर रात तुरकौलिया थाना क्षेत्र के शंकर सरैया परसौना मुसहरी टोला निवासी प्रमोद यादव (30) की मौत हो गयी। शुक्रवार की सुबह तुरकौलिया थाना क्षेत्र के परसौना निवासी परीक्षण मांझी (46) और रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरदिया निवासी हीरा लाल महतो की भी मौत हो गयी।
सूत्रों ने बताया कि जहरीली शराब से 12 से अधिक लोग बीमार हैं, इनमें से तीन की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। छह लोगों के आंखों की रोशनी चली गई है। इस बीच सदर अस्पताल के सूत्रों ने 'यूनीवार्ता' को बताया कि, 'गुरुवार की रात से शुक्रवार तक छह से अधिक लोग इलाज के लिए अस्पताल आ चुके हैं। शुक्रवार की सुबह यहां इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हुई है। दो लोगों को चिंताजनक स्थिति में रेफर किया गया है। बीमार लोगों में से दो लोगों की आंख की रोशनी में कमी पायी गई है।
इस मामले में तुरकौलिया के थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी और चौकीदार भरत रॉय को निलंबित कर दिया गया है। पूर्वी चंपारण जिले के सूचना जनसंर्पक कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार चार लोगों की अबतक मौत हुई है। छह लोग इलाजरत हैं और सात लोग इलाज कराकर सुरक्षित घर लौट चुके हैं। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने बताया कि ' इस मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया हैं। शंकर सरैया के चौकीदार भरत राय और परसौना निवासी नागा राय एवं ह्रदय निवासी जम्मू बैठा को गिरफ्तार किया गया है। प्रभावित गांवों लक्ष्मीपुर, मजुरहा, रघुनाथपुर, परसौना, हरदिया, चैलहा, शंकर सरैया एवं बालगंगा में एक टीम भेजी गई है, जो घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही है।

