आज दिल्ली में विपक्ष के कई नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे मुख्यमंत्री नीतीश, पढ़ें बिहार की 10 बड़ी खबरें

9/6/2022 6:41:20 AM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी मंगलवार को दिल्ली में विपक्ष के कई नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे। दरअसल, जदयू ने राष्ट्रीय स्तर पर सभी विपक्षी दलों को एकजुट करने का प्रयास करने के लिए अधिकृत किया है। वहीं आज जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम में नीतीश ने 59 लोगों की समस्याओं को सुना। आइए, नजर डालते हैं ऐसी ही दिनभर की बड़ी खबरों पर...

Janata Darbar में मुख्यमंत्री ने सुनीं 59 लोगों की समस्याएं
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज 4 देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर में आयोजित "जनता के दरबार में मुख्यमंत्री" कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे 59 लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान के लिए समुचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

अररिया में ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में 4 लोगों की मौत  
बिहार के अररिया जिले में रविवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में 3 साल के मासूम समेत 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

पटनाः गंगा नदी में पलटी 55 लोगों से भरी नाव
बिहार की राजधानी पटना में गंगा नदी में 55 लोगों को ले जा रही एक नाव पलट गई। यात्रियों में पुरुषों के साथ-साथ बच्चे और महिलाएं भी शामिल थे, जिनमें अधिकतर लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 10 लोगों के लापता बताए जा रहे हैं। SDRF की टीम द्वारा तलाशी अभियान जारी है।

शिक्षक दिवस के अवसर पर CM नीतीश एवं राज्यपाल ने दी बधाई
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं ने राज्यपाल फागू चौहान ने शिक्षक दिवस के अवसर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए राज्य के शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों का बहुत बड़ा योगदान है। इनको हर स्तर पर आदर एवं सम्मान मिलना चाहिए।

साइरस मिस्त्री के निधन पर नीतीश ने जताया शोक 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रसिद्ध उद्योगपति एवं टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मृत्यु पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। नीतीश कुमार ने रविवार को अपने शोक संदेश में कहा कि उनका निधन वाणिज्य एवं उद्योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमारः नित्यानंद राय 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी इस राजनीति को बिहार ने देखा और आज देश भी देख रही है। 

सुशील का नीतीश पर तंज- PM तो बन नहीं पाएंगे CM की कुर्सी भी गवाएंगे  
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) राष्ट्रीय परिषद ने नीतीश कुमार को राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकता के ऐसे मिशन इम्पॉसिबल में लगाया है, जिसके चक्कर में वह मुख्यमंत्री (सीएम) की कुर्सी भी गवां देंगे और प्रधानमंत्री (पीएम) तो कभी बनेंगे नहीं।

नीतीश कुमार ने Lalu Yadav से की मुलाकात
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान वहां उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी भी मौजूद थे। नीतीश कुमार ने कहा कि मैं यहां लालू प्रसाद यादव से मिला। मैं दिल्ली जा रहा हूं, सभी से मुलाकात होगी।

अशोक राजपथ पर बदला गया पटना मेट्रो का मार्ग
बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक अशोक राजपथ पर राज्य सरकार द्वारा बनाए जा रहे डबल डेकर फ्लाईओवर के कारण वहां से गुजरने वाली मेट्रो का रास्ता बदल दिया गया है। इसे घनी आबादी वाले अशोक राजपथ इलाके से हटाकर संस्थानिक इलाके की ओर स्थानांतरित किया गया है।

जनता दरबार में शख्स ने CM से की ये शिकायत  
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद आज पहली बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता दरबार लगाया है। इस दौरान जनता दरबार में एक फरियादी ने सीएम नीतीश से गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि कटिहार का सीओ तारकिशोर प्रसाद का आदमी है। वह 50 लाख रुपए रिश्वत मांग रहा है।

Content Writer

Ramanjot