अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस के साथ ग्रामीणों की झड़प, कई जवान हुए घायल, 1 व्यक्ति गिरफ्तार

3/10/2023 12:28:13 PM

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस की ग्रामीणों के साथ झड़प हो गई। घटना में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हुए हैं। वहीं, इस मामले में 1 व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ग्रामीण और पुलिस में हुई झड़प
मामला जिले के बिरनी का है। जानकारी के मुताबिक यहां बीते गुरुवार की रात को अवैध अंग्रेजी शराब का कारोबार करने वाले जनता जरीडीह के एक व्यक्ति के घर छापेमारी के लिए पुलिस पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से 2 पेटी विदेशी शराब जब्त की। पुलिस आरोपी छोटन राम को गिरफ्तार कर थाना ले जा रही थी कि इस दोरान घर की महिलाएं पुलिस से उलझ गईं। इसके बाद ग्रामीण और पुलिस में झड़प हो गई। पथराव होने लगा। भीड़ नियंत्रण करने के लिए पुलिस ने कई राउंड हवाई फायरिंग की। पथराव में सरिया एसडीपीओ नौशाद आलम, थाना प्रभारी अमरजीत समेत कई पुलिस जवान, मुखिया और ग्रमीण घायल हो गए। वहीं, भीड़ ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

"पुलिस ने ग्रामीणों के साथ गाली- गलौज करते हुए की मारपीट"
मामले में एक ग्रामीण ने बताया कि बिरनी पुलिस ने जरीडीह में किसी के यहां छापेमारी की। इसके बाद चली गई। इसकी खबर सुनकर ग्रामीण जरीडीह दुर्गा मंडप सह मुखिया के आवास के पास बातचीत कर रहे थे तभी काफी संख्या में पुलिस आ गई और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगी। ग्रामीणों ने विरोध किया तो पुलिस ने हवाई फायरिंग की।

"ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव"
वहीं थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस छापेमारी के लिए गई थी, मगर ग्रामीण पुलिस से ही उलझ गए और पथराव करने लगे। स्वयं, डीएसपी समेत कई पुलिसकर्मी को चोट लगी है। पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है। आधी रात तक मामला नियंत्रण में आ गया था। डुमरी एसडीपीओ मनोज कुमार को भी चोट लगी है। वहीं, पुलिस गांव में कैंप कर रही है।

Content Editor

Khushi