Jharkhand News... RJD द्वारा आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में हंगामा, 3 पुलिसकर्मी घायल

3/23/2024 8:50:11 AM

 

चतराः झारखंड के चतरा जिले में शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा आयोजित होली मिलन कार्यक्रम के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास में कम से कम तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

राज्य के सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दल राजद ने झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 200 किलोमीटर दूर हंटरगंज थाना क्षेत्र के दतमी गांव में इस जिला स्तरीय होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया था। कार्यक्रम में मंत्री सत्यानंद भोक्ता भी शामिल हुए थे। पुलिस ने बताया कि भोक्ता के कार्यक्रम स्थल से चले जाने के बाद एक भोजपुरी गायक के संगीत कार्यक्रम के दौरान कुछ शरारती तत्वों ने हंगामा करना शुरू कर किया।

वहीं हंटरगंज के थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी ने बताया, ‘‘उपद्रवियों ने मंच पर हंगामा करने की कोशिश की। जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो उनपर पथराव किया गया।'' चौधरी ने बताया कि उन्हें भी मामूली चोटें आईं। उन्होंने बताया, ‘‘उप निरीक्षक दिलीप यादव, आईआरबी जवान अविनाश कुमार और एक महिला कलाकार गंभीर रूप से घायल हो गईं। शरारती तत्वों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।''

राजद के चतरा जिलाध्यक्ष नवल किशोर यादव ने कहा कि होली मिलन कार्यक्रम के मौके पर पार्टी की ओर से संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यादव ने कहा, ‘‘कुछ असामाजिक तत्वों ने कार्यक्रम में खलल डालने की कोशिश की। पुलिस प्रशासन को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।''

Content Writer

Nitika