गेरुआ वस्त्र पहने 2 साधुओं ने घर में घुसकर मां-बेटी को बनाया बेवकूफ, फिर कांड कर हुए रफूचक्कर; रोते-रोते थाने पहुंची महिलाएंं
Monday, Nov 10, 2025-12:55 PM (IST)
Palamu News: झारखंड के पलामू में उस वक्त हड़कंप मच गया जब साधु के वेश में आए दो ठगों ने एक घर से पांच लाख से अधिक के आभूषण लूट लिए। वहीं, पीड़ित महिलाओं की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है।
"साधुओं ने हमें वश में कर लिया था"
मामला जिले के छतरपुर के सुनार मोहल्ला का है। बताया जा रहा है कि घर पर मां–बेटी अकेली थी। इस दौरान गेरुआ वस्त्र पहने 2 साधु आए। साधु भिक्षा मांगने लगे। महिला ने पैसे दिए। साधुओं ने कहा कि भूख लगी है, कुछ खाने को दें। इसके बाद महिला ने खाना दिया तो एक साधु खाना खाने के बाद पानी पीकर तांडव करने लगा। साधु कहने लगा कि तुम्हारे घर काला जादू किया हुआ है, तुम्हारे बेटे की अकाल मृत्यु हो जाएगी और घर बर्बाद हो जाएगा। साधु ने कहा कि उपाय करने के लिए दो साड़ी लाओ और घर में रखा जितना गहना है सभी ले आओ। महिलाओं ने साड़ी में सोने के आभूषण रखकर साधु को दे दिए। साधुओं ने उसको कई गांठ देकर बांध दिया और कहा कि इसे बक्से में रख दो और अगले दिन नहा धोकर 12 बजे के बाद साड़ी की गांठ खोलना। इस दौरान जितने गहने है सभी दुगुना हो जाएंगे। इतना कहकर दोनों साधु वहां से चले गए।
महिलाओं का कहना है कि जब साधुओं के जाने के बाद साड़ी की गांठ खोली तो देखा कि सारे गहने गायब है और उनकी जगह पीतल की गणेश, लक्ष्मी, दुर्गा, शंकर भगवान की छोटी -छोटी मूर्ति के अलावा पांच अंगूठी और चार रुद्राक्ष के साथ 51 रुपया था जिसके बाद मां -बेटी के पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला ने पुलिस को बताया कि साधुओं ने हमें वश में कर लिया था। इसी कारण हमने साधुओं के कहने पर घर में रखे सारे गहने उन्हें दे दिए। गहने पांच लाख से अधिक के बताए जा रहे हैं। वहीं, महिलाओं ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी है।

