56 लाख का गांजा लेकर ओडिशा से UP जा रहे थे दो तस्कर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

3/7/2021 4:44:11 PM

सिमडेगाः झारखंड में सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर इलाके में पुलिस ने एक वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर दो अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. शम्स तब्रेज ने रविवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सूचना मिली थी कि ओडिशा से सिमडेगा के रास्ते एक वाहन के जरिए भारी मात्रा में गांजा उतर प्रदेश ले जाया जा रहा है। इसी सूचना पर ठेठईटांगर पुलिस ने पंडरीपानी के निकट वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध जीप को रूकने का इशारा किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस दल को देखते ही दो लोग वाहन छोड़कर भागने लगे जिन्हें कुछ दूरी तक पीछा कर पकड़ लिया गया।

डॉ. तब्रेज ने बताया कि जीप की तलाशी के दौरान 52 पैकेट गांजा बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि तस्करों ने वाहन के अंदर गांजा रखने के लिए विशेष जगह का निर्माण किया था जिसे आसानी से पता लगाना मुश्किल था। जब्त गांजा की कीमत करीब 56 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार तस्करों में उतर प्रदेश के बाराबांकी निवासी शैलेन्द्र जायसवाल और ओडिशा के संबलपुर निवासी निरंजन साहू शामिल हैं। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है।

Content Writer

Ramanjot