झारखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 11 IPS अधिकारियों का स्थानांतरण (देखें सूची)

9/13/2020 10:56:22 AM

 

रांचीः झारखंड सरकार ने राज्य में विधि-व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 11 अधिकारियों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन कर दिया।

गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पलामू के पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। धनबाद के रेल पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिन्हा को स्थानांतरित करते हुए जामताड़ा का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। सिन्हा अपने कार्यों के अतिरिक्त आईआरबी- वन जामताड़ा के समादेष्टा के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे।

अधिसूचना के अनुसार, अपर पुलिस महानिरीक्षक सह पुलिस महानिदेशक के विशेष सहायक डॉ. शम्स तबरेज को स्थानांतरित करते हुए सिमडेगा का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसी तरह पश्चिम सिंहभूम जिले के पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत महथा को स्थानांतरित करते हुए झारखंड सशस्त्र पुलिस (दो), टाटीसिल्वे (रांची) के पद पर भेजा गया है। वहीं, झारखंड सशस्त्र पुलिस (दो) टाटीसिलवे के समादेष्टा संजय रंजन सिंह को स्थानांतरित करते हुए आईआरबी (दो), चाईबासा का समादेष्टा बनाया गया है।

सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार को स्थानांतरित करते हुए पलामू का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसी तरह झारखंड सशस्त्र पुलिस (दस) होटवार, रांची की समादेष्टा कुसुम पुनिया को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा), झारखंड के पद पर भेजा गया है। वहीं, विशेष शाखा की पुलिस अधीक्षक संध्या रानी मेहता को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक समादेष्टा, झारखंड सशस्त्र पुलिस (दस) होटवार के पद पर पदस्थापित किया गया है।

अधिसूचना के अनुसार, विशेष शाखा (रांची) के पुलिस अधीक्षक अश्विनी कुमार सिन्हा को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक देवघर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसी तरह जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक अंशुमन कुमार को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक झारखंड सशस्त्र पुलिस (छह) जमशेदपुर के समादेष्टा के पद पर भेजा गया है। वहीं, देवघर के पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक जंगल वारफेयर स्कूल, नेतरहाट का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

Nitika