दर्दनाक हादसा: 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आया 14 साल का बच्चा, पेड़ पर ही हो गया बेहोश; फिर...

Monday, Feb 23, 2026-05:54 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के रांची जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। करंट लगने से 14 साल के एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है।

दरअसल, जिला स्थित बुढ़मू थाना क्षेत्र के नाऊज गांव में करंट लगने से एक 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसा नाऊज गांव के ठाकुरगांव-बुढ़मू मुख्य मार्ग पर बिंदू बसाईर के घर के सामने हुआ। मृतक की पहचान सिकंदर लोहरा के पुत्र सोनू लोहरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोनू लोहरा दतवन तोड़ने के लिए करंज के पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान वह पेड़ के पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगते ही वह पेड़ पर ही बेहोश हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। करंट की वजह से बिजली का तार भी टूटकर गिर गया, जिससे नीचे सूखी झाड़ियों में आग लग गई।

घटना देख आसपास के लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी। बिजली सप्लाई बंद कराई गई, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया। सूचना मिलने पर बिजली विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही अंचल अधिकारी सच्चिदानंद वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क के किनारे इस तरह खुले में 11 हजार वोल्ट का तार होना बेहद खतरनाक है। लोगों ने बताया कि इसकी शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। बेटे का शव देखकर मां बेहोश हो गईं, जिन्हें ग्रामीणों ने पानी छिड़क कर संभाला। परिवार और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static