झारखंड में खनिज ढोने वाले वाहनों से अब होगी टोल टैक्स की वसूली, जानिए कैबिनेट के अन्य प्रस्ताव

9/15/2021 12:58:21 PM

 

रांचीः झारखंड सरकार ने खनिज ढोने वाले वाहनों से टोल टैक्स की वसूली का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को रांची स्थित झारखंड मंत्रालय में हुई राज्य मंत्रिमंडल की इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।


बैठक समाप्त होने के बाद कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बताया कि बैठक में कुल 17 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी। उन्होंने कहा कि झारखंड राजमार्ग फीस दरों का निर्धारण और संग्रहण संशोधन नियमावली 2021 को मंजूरी दी गई है। खनन प्रक्षेत्र में जो भी सड़क है, उनमें टोल टैक्स की वसूली की जाएगी। इसके लिए अलग से नाका नहीं लगाया जाएगा। यात्री वाहनों और आम नागरिकों के वाहनों को टोल व्यवस्था से मुक्त रखा जाएगा।


राज्य के 22 जिलों में ई-एफआईआर थाना सृजन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। उन्होंने बताया कि खूंटी और रामगढ़ जिले को छोड़ कर सभी जिलों में ई-एफआईआर थाना का सृजन होगा। इन थानों में अपराध की सूचना और शिकायत ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकेगी। राजधानी रांची के पुराना जेल परिसर में बन रहे बिरसा मुंडा संग्रहालय में झारखंड के महानायक पोटो, भगीरथ मांझी और गंगानारायण मांझी की प्रतिमा स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया है।

Content Writer

Diksha kanojia