रोल्‍स रॉयस पर सवार होकर थर्ड जेंडर ने निकाली रैली, गीतों के माध्यम से लोगों से की मतदान करने की अपील

4/27/2024 6:09:55 PM

Dhanbad: अखिल भारतीय किन्नर समाज ने लोकसभा चुनाव में वोट देने के लिए लोगों को जागरूक करने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के मकसद से मतदाता जागरूकता रैली निकाली।



रोल्स रॉयस कार, बैंड पार्टी, ढोल और किन्नरों की टोली सड़कों पर गीत गा रहे हैं और अपने गीतों के माध्यम से लोगों से मतदान करने की अपील कर रहे हैं। सभी किन्नरों ने सफेद रंग की साड़ी पहन रखी थी। किन्नरों ने अपने गीत के माध्यम से यह बताया कि मतदान नागरिक का सबसे बड़ा अधिकार है। यह देश के विकास में लोगों की भागीदारी को सुनिश्चित करता है। किन्नरों ने एक वोट के महत्व को भी समझाया।

किन्नरों ने कहा कि मतदान के दिन सबसे पहले अपना वोट डालें और फिर अपना काम करें। यह लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है। इसमें 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले सभी लोगों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।



बता दें कि धनबाद लोकसभा सीट से थर्ड जेंडर सुनैना सिंह चुनाव लड़ेंगी। सुनैना सिंह अखिल भारतीय किन्नर समाज की जिला अध्यक्ष हैं। पीके राय मेमोरियल कॉलेज से स्नातक सुनैना का पालन पोषण अखिल भारतीय किन्नर समाज की प्रदेश अध्यक्ष छमछम देवी ने किया है। सुनैना का कहना है कि उन्हें बचपन से सामाजिक कार्यों में रुचि रही है। समाज और देश के लिए कुछ करने की शुरू से ही इच्छा रही है।

Content Editor

Khushi