झारखंड में बढ़ता जा रहा जंगली हाथियों का आतंक, चार लोगों को कुचला

10/12/2021 4:24:57 PM

हजारीबाग/जमशेदपुरः झारखंड में सोमवार को तीन घटनाओं में जंगली हाथियों ने दो महिलाओं समेत चार लोगों को कुचल दिया जिससे उनकी मौत हो गई। वन अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हाथियों द्वारा हमले की घटनाएं हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम जिलों में हुई।

हजारीबाग पश्चिमी मंडल के मंडलीय वन अधिकारी (डीएफओ) आर. एन. मिश्रा ने बताया कि हजारीबाग जिले के कटकुमडाग वन क्षेत्र के तहत आने वाले कूपा गांव में एक हाथी ने दो महिलाओं को कुचल दिया जिससे उनकी मौत हो गयी। यह घटना सुबह हुई जब महिलाएं शौच के लिए गई थीं।

एक अन्य घटना में हजारीबाग के बाहरी इलाके में सिरशी गांव में 66 वर्षीय व्यक्ति की हाथी के हमले में मौत हो गई। पूर्वी सिंहभूम जिले में चकुलिया पुलिस थाने के तहत आने वाले घागरा गांव में एक अन्य जंगली हाथी ने 62 वर्षीय व्यक्ति को कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई।

Content Writer

Diksha kanojia